ताजा खबर

कोचियों पर नजर रखें..
02-Dec-2025 7:19 PM
कोचियों पर नजर रखें..

कलेक्टर संग धान खरीदी केन्द्र पहुंचीं खाद्य सचिव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 दिसंबर। खाद्य विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने जिले के लखौली, मंदिरहसौद और पलौद धान खरीदी केन्द्रों का दौरा किया। श्रीमती कंगाले ने किसानों से सीधे संवाद कर उनसे व्यवस्थाओं एवं उपार्जन प्रक्रिया से जुड़े फीडबैक प्राप्त किए।

उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान से ही धान खरीदी की जाए और कोचियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही गेट पास एप्प में समयबद्ध एंट्री हर हाल में सुनिश्चित की जाए। यह ध्यान रखें कि छोटे एवं सीमांत किसानों के टोकन कटने में कोई बाधा न हो।

उन्होंने कहा कि तौल प्रक्रिया, बारदाना उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, स्टैकिंग व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंधों की बारीकी से जांच की। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने कहा कि जितनी धान खरीदी की जाए उसका भौतिक सत्यापन भी किया जाए। साथ ही यह ध्यान रखें की किसानों को धान देने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरजन, एसडीएम  नंदकुमार चौबे, खाद्य नियंत्रक  भूपेन्द्र मिश्रा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की सीईओ श्रीमती अपेक्षा व्यास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट