ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 दिसंबर। दुर्ग रेंज पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग निवेश के नाम पर की गई 48 लाख रुपये से अधिक की ठगी का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना दुर्ग की टीम ने आंध्रप्रदेश से दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार कर बड़े साइबर नेटवर्क को उजागर किया है।
आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। पुलिस अब इनके साथियों, बैंक खातों और लेनदेन से जुड़ी श्रृंखलाओं की जांच कर रही है।
ज्ञात हो कि शिकायतकर्ता ने 9 अक्टूबर को साइबर थाना दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के लिए आए एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उनसे कुल 48 लाख 67 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने अपराध दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की।
डिजिटल फॉरेंसिक, साइबर ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपयों की लोकेशन आंध्रप्रदेश में पाई गई। इसके बाद एक विशेष टीम को जिला अनकापल्ली भेजा गया, जहां से दोनों मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में पी. सत्यनागा मूर्ति पुलापर्थी, यालामंचली मंडल, जिला अनकापल्ली और बालाजी श्रीनू चिन्ना विधि, तहसील यालामंचली, विशाखापट्टनम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि समय पर की गई कार्रवाई से गिरोह का बड़ा नेटवर्क भी जल्द सामने आ सकता है।


