ताजा खबर
जयपुर, 30 नवंबर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगे 42 वर्षीय बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) की अपने घर पर अचानक गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अनुज गर्ग शनिवार देर रात मतदाता डेटा अपलोड करते समय बेहोश हो गए। उनके परिवार ने आरोप लगाया कि वह अत्यधिक दबाव में काम कर रहे थे। अनुज धौलपुर शहर के गौशाला सेक्टर में बीएलओ के पद पर तैनात थे।
पुलिस ने बताया कि प्रताप विहार कॉलोनी स्थित अपने घर में चाय मांगने के कुछ ही मिनट बाद वह जमीन पर गिर पड़े।
अनुज की बहन वंदना गर्ग ने बताया कि अनुज काम के बोझ के कारण हर रात देर तक काम करते थे। उन्होंने कहा, "उस रात भी वह मतदाता फ़ॉर्म अपलोड कर रहे थे। उन्होंने चाय मांगी, लेकिन पीने से पहले ही वह बेहोश हो गए।"
वंदना ने बताया कि परिवार अनुज को जिला अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रविवार सुबह निहालगंज पुलिस और जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह बयान दर्ज करने के लिए अनुज के घर गए। बाद में पोस्टमॉर्टम किया गया।
अनुज राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारां में शिक्षक थे और 2012 में सेवा में शामिल हुए थे। (भाषा)


