ताजा खबर

बंधक मकान बेचने की कोशिश, 40 लाख की ठगी में दो गिरफ्तार
25-Nov-2025 11:41 AM
बंधक मकान बेचने की कोशिश, 40 लाख की ठगी में दो गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 25 नवंबर। सरकंडा थाना क्षेत्र में मकान बिक्री के नाम पर 40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामला धारा 420, 34 आईपीसी के तहत दर्ज हुआ है।

पीड़ित अजीत शुक्ला, निवासी सूर्या विहार सरकंडा, ने पुलिस को बताया कि उसका परिचय दिनेश प्रताप सिंह से था। अप्रैल 2024 में दिनेश ने उसे भास्कर प्रसाद त्रिपाठी से मिलवाया, जिसने खुद को एसईसीएल कोरबा का कर्मचारी बताया और कहा कि उसका मकान विवेकानंद नगर, मोपका में है, जिसे वह बेचना चाहता है।

मकान देखकर अजीत ने खरीदने की इच्छा जताई। इसके बाद 26 अप्रैल 2024 को 50 रुपये के स्टाम्प पर इकरारनामा बना, जिसमें 3 महीनों के भीतर रजिस्ट्री कराने की बात कही गई थी। दिनेश और अरुण सिंह गवाह बने थे।

इकरारनामा के बाद अजीत ने 36 लाख रुपये ऑनलाइन भास्कर त्रिपाठी को दे दिए, लेकिन तय समय के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई।

जब पीड़ित ने दबाव बनाया तो पता चला कि जिस मकान को बेचने की बात कही गई, वह बैंक में बंधक है। आरोप है कि भास्कर त्रिपाठी और दिनेश प्रताप सिंह ने मिलकर 40 लाख रुपये का दूसरा फर्जी इकरारनामा भी तैयार कर लिया और रजिस्ट्री टालता रहा।

इस खुलासे के बाद अजीत शुक्ला ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य की टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को भास्कर प्रसाद त्रिपाठी (56 वर्ष),  निवासी विवेकानंद नगर फेस 2, मोपका और दिनेश प्रताप सिंह ठाकुर (66 वर्ष), निवासी शिवम सिटी, राजकिशोर नगर को गिरफ्तार कर लिया।


अन्य पोस्ट