ताजा खबर

बिलासपुर की बच्ची का जांजगीर में अपहरण, नाकेबंदी कर पुलिस ने कार ड्राइवर को पकड़ा
25-Nov-2025 11:40 AM
बिलासपुर की बच्ची का जांजगीर में अपहरण, नाकेबंदी कर पुलिस ने कार ड्राइवर को पकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 25 नवंबर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहाघाट में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब कार ड्राइवर 4 वर्षीय बच्ची को कार सहित लेकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता देखते हुए बिलासपुर से लेकर जांजगीर तक सभी थानों को अलर्ट कर नाकेबंदी शुरू कर दी गई।

घटना उस समय हुई जब राजकिशोर नगर, बिलासपुर की सत्यवती सूर्यवंशी अपनी बेटी निधियाना सूर्यवंशी (4 वर्ष) के साथ सरसीवां से लौट रही थीं। खूंटाघाट, रतनपुर निवासी रवि पटेल कार चला रहा था। सलिहाघाट बाजार में सब्जी लेने उतरी महिला ने बच्ची को मोबाइल देकर कार में बैठा दिया था। उसी दौरान ड्राइवर अचानक कार लेकर गायब हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भटगांव थाना पुलिस ने आस-पास के सभी थानों को जानकारी भेजी और तुरंत नाकेबंदी के निर्देश जारी किए। बम्हनीडीह, नवागढ़, शिवरीनारायण, चांपा, हथनेवरा, सारागांव सहित पूरे इलाके में वाहनों की सघन जांच शुरू हुई।

जांजगीर जिले के बिर्रा थाना पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध सफेद डिजायर कार को रोका। पूछताछ में ड्राइवर रवि पटेल पकड़ा गया। कार के अंदर बच्ची सुरक्षित अवस्था में मिली।

थाना प्रभारी राजेश चंद्रवंशी ने बताया कि सूचना मिलते ही ड्राइवर की लोकेशन ट्रेस की गई और जांजगीर पुलिस की मदद से आरोपी को दबोच लिया गया। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है।

हालांकि, ड्राइवर ने बच्ची को क्यों लेकर भागा, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। आरोपी से पूछताछ जारी है। 

 


अन्य पोस्ट