ताजा खबर

48 लाख के इनामी 15 नक्सलियों का समर्पण
24-Nov-2025 8:27 PM
48 लाख के इनामी 15 नक्सलियों का समर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
सुकमा, 24 नवंबर।
सोमवार को सुकमा जिले में 15 नक्सलियों ने पुलिस अफसरों के सामने आत्मसमर्पण किया है। इनमें पीएलजीए बटालियन नंबर 01 में सक्रिय 4 सदस्य, अन्य क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली, तथा विभिन्न स्तरों के पीपीसीएम 4, एसीएम 2, पार्टी सदस्य 3 और अग्र संगठनों के 6 सदस्य शामिल हैं। 

आत्मसमर्पित नक्सलियों में 5 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। इनमें से नौ नक्सलियों पर कुल मिलाकर 48 लाख रुपये का ईनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित 15 नक्सलियों में— 4  पर 8-8 लाख रुपये, 2 पर 5-5 लाख रुपये, 1 पर 3 लाख रुपये, 1 पर 2 लाख रुपये, और 1 पर 1 लाख रुपये  ईनाम घोषित था। 

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में माड़वी सन्ना (28), सोड़ी हिड़मे (25), सूर्यम उर्फ रव्वा सोमा (30) और मीना उर्फ माड़वी भीमे (28) पर आठ-आठ लाख रुपये, सुनिता उर्फ कुहराम हुंगी (35) और मडक़म पांडू (30) पर पांच-पांच लाख रुपये का ईनाम घोषित था।

पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण छत्तीसगढ़ शासन की छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति, पुना मार्गेम और नियद नेल्ला नार जैसी योजनाओं से प्रभावित होकर किया गया है। पुलिस का कहना है कि अंदरूनी क्षेत्रों में नए सुरक्षा कैंप स्थापित होने और सुरक्षा बलों की बढ़ी उपस्थिति का भी प्रभाव पड़ा है।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्तियों ने माओवादी संगठन की गतिविधियों से असहमति, स्थानीय नागरिकों के प्रति व्यवहार को लेकर नाराजग़ी, तथा संगठन के आंतरिक वातावरण को आत्मसमर्पण के कारणों में शामिल बताया है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

 

आत्मसमर्पण 24 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुकमा में एसपी किरण चव्हाण, कमांडेंट 2वीं बटालियन सीआरपीएफ कमलेश कुमार, डीआईजी कार्यालय सुकमा से सुरेश सिंह पायल, एएसपी अभिषेक वर्मा, डीएसपी (नक्सल ऑप्स) मनीष रात्रे, डीएसपी मोनिका श्याम और 223वीं बटालियन सीआरपीएफ के निरीक्षक सुजीत कुमार की मौजूदगी में किया गया।

पुलिस ने कहा कि सभी आत्मसमर्पित व्यक्तियों को छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति-2025 के अनुसार 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि  तथा नियमानुसार अन्य सुविधाएं  दी जाएंगी।

इस प्रक्रिया में जिला बल, डीआरजी, आरएफटी कोंटा, आरएफटी सुकमा, वियशा सुकमा, नक्सल सेल, इंटरोगेशन सेल, आसूचना शाखा, सीआरपीएफ 02, 212, 217, 223, 241 बटालियन और कोबरा 207 बटालियन की आसूचना शाखा से जुड़े कार्मिकों का योगदान बताया गया है।


अन्य पोस्ट