ताजा खबर
नेपाल को हराकर वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फ़ॉर ब्लाइंड 2025 का ख़िताब अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम की कप्तान दीपिका टीसी वर्ल्ड कप की ट्रॉफ़ी और अपनी पूरी टीम के साथ बेंगलुरू एयरपोर्ट पहुंचीं.
एयरपोर्ट पर समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कि उनकी टीम का जिस तरह से स्वागत हुआ, वह उन्हें बहुत अच्छा लगा.
वह कहती हैं, ''हमारी पूरी टीम पहले से ही सोच रही थी कि हमारा स्वागत कैसे होगा. पूरी रात हमें नींद नहीं आई. सपने में हम यही सोचते रहे कि एयरपोर्ट पर हमारा स्वागत किस तरह से किया जाएगा. पूरे देश में हमें बहुत इज़्ज़त मिल रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने हमें बधाई दी, बहुत अच्छा लगा. लेकिन हमारी टीम ने बहुत संघर्ष किया.''
यह कहते हुए वह भावुक हो जाती हैं कि उनकी टीम ने जितना संघर्ष किया, उन्हें उसका फल मिल गया.
वह कहती हैं, "हाल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीता तो उन्हें बहुत सहयोग मिला. हमें भी सहयोग मिले. एक नौकरी दी जाए क्योंकि सभी 16 खिलाड़ी ग़रीब परिवार से आते हैं.''
इससे पहले ब्लाइंड वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण जीतने पर भारतीय टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी थी.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यह और भी सराहनीय है कि टीम पूरी सिरीज़ में अपराजित रही. यह सचमुच एक ऐतिहासिक खेल उपलब्धि है, जो मेहनत, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण है." (bbc.com/hindi)


