ताजा खबर

बिलासपुर–अंबिकापुर और रायपुर–अंबिकापुर रूट पर अब स्काई होप एयरलाइंस
24-Nov-2025 1:03 PM
बिलासपुर–अंबिकापुर और रायपुर–अंबिकापुर रूट पर अब स्काई होप एयरलाइंस

फ्लाई बिग ने ऑपरेशन बंद किया, नई कंपनी संभालेगी उड़ानें

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 24 नवंबर । बिलासपुर–अंबिकापुर और रायपुर–अंबिकापुर मार्ग पर हवाई यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खबर है। अब इन दोनों रूट पर उड़ान संचालन की जिम्मेदारी स्काई होप एयरलाइंस संभालेगी। फिलहाल इन रास्तों पर सेवाएं दे रही फ्लाई बिग एयरलाइंस ने तकनीकी व स्टाफ संबंधी परेशानियों के कारण अपना पूरा ऑपरेशन बंद कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने स्वीकृत सभी एयर रूट स्काई होप एयरलाइंस को सौंप दिए हैं।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति की ओर से सुदीप श्रीवास्तव ने बताया कि फ्लाई बिग लंबे समय से ऑपरेशन में परेशानी झेल रही थी, इसलिए उसने अपने छोटे विमान वाले रूट बेचने का फैसला लिया। स्पाइसजेट समूह से जुड़ी स्काई होप एयरलाइंस ने 20 सीट से कम क्षमता वाले विमानों के लगभग सभी रूट खरीद लिए हैं। इसी के चलते अब बिलासपुर–अंबिकापुर और रायपुर–अंबिकापुर सेक्टर पर उड़ानें स्काई होप द्वारा चलाई जाएंगी।
समिति का मानना है कि स्काई होप पहले से ही स्पाइसजेट की सहयोगी कंपनी है, जिससे भविष्य में स्पाइसजेट का बिलासपुर से सीधा ऑपरेशन शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। अगर ऐसा हुआ तो बिलासपुर से देश के बड़े शहरों तक सीधे उड़ान भरने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
समिति ने स्काई होप प्रबंधन से संपर्क कर बिलासपुर–अंबिकापुर उड़ान को आगे बनारस तक बढ़ाने का अनुरोध करने का निर्णय लिया है। उनका मानना है कि यदि उड़ान बनारस तक जाएगी तो बिलासपुर, अंबिकापुर और बनारस, तीनों शहरों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी और कंपनी को भी अधिक पैसेंजर मिलेंगे।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना शनिवार-रविवार को जारी रहा।  

 


अन्य पोस्ट