ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर । भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशभर से चयनित 72 युवाओं (प्रत्येक जिले से 02) की टोली यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स गवर्नमेंट ऑफ़ इंडिया के द्वारा आयोजित सरदार 150 युनिटी मार्च में शामिल होने नागपुर (नर्मदा प्रवाह) में शामिल होने रविवार को दोपहर 12 बजे बस से नागपुर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव हरी झण्डी दिखाकर टोली को खेल अकादमी के लिए रवाना करेंगे। यात्रा प्रभारी टिकेश साहू एवं सह प्रभारी प्रणय पाण्डेय होंगे। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि देशभर के सभी राज्यों के युवाओं को अलग-अलग केंद्रों से मार्च में शामिल होना है।
दिल्ली के केन्द्र को गंगा प्रवाह, जयपुर के केन्द्र को यमुना प्रवाह, नागपुर के केन्द्र को नर्मदा प्रवाह और मुंबई के केन्द्र को गोदावरी प्रवाह नाम दिया गया है। श्री टिकरिहा ने बताया कि युनिटी मार्च की यात्रा 24 नवम्बर को नागपुर से बस द्वारा प्रारंभ होगी जो 25 नवम्बर को बैतूल, 26 नवम्बर को इंदौर और 27 नवम्बर को गोधरा से आनंद करमसद पहुँचेगी। करमसद से एकतानगर तक युवा पदयात्रा में शामिल होते हुए 30 नवम्बर को स्टैच्यू ऑफ युनिटी का सामूहिक अवलोकन कर वापस रायपुर लौटेंगी।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री अंकित जायसवाल, उपाध्यक्ष जितेंद्र देवांगन, शहर जिला अध्यक्ष शहर गोविंद गुप्ता, अश्वनी विश्वकर्मा, वासु शर्मा, आकाशसिंह ठाकुर मौजूद थे।


