ताजा खबर
यूथ हब बनेगा, दुकानदारों का विस्थापन भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 नवम्बर। साइंस कॉलेज मैदान चौपाटी हटाए जाने के समर्थन में भाजपा आगे आई है। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि अवैध रूप से चौपाटी का निर्माण किया गया
शनिवार को पत्रकारवार्ता कर नगर निगम महापौर मीनल चौबे, विधायक राजेश मूणत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय अवैध निर्माणों में बढ़ोतरी हुई थी, और वर्तमान में जिस चौपाटी का मामला सामने है, वह भी अवैध रूप से निर्मित है।
महापौर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं ने चौपाटी निर्माण के लिए ठेकेदारों के साथ साठगांठ की, जिसके जरिए करीब 60 दुकानों का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शुरुआत से ही इस अवैध चौपाटी का विरोध किया।
महापौर ने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में नेताओं द्वारा लोगों को घरों में घुसकर धमकाने तक की घटनाएँ हुई थीं। कांग्रेस की नीतियों के कारण युवाओं को गुमराह किया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार किसी को बेरोजगार नहीं करना चाहती, बल्कि व्यवस्थित रूप से विस्थापन कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है। चौपाटी के लिए जगह न होने पर भी स्मार्ट सिटी के मद से खेल की जमीन पर निर्माण कराया गया था। जिससे लगभग 29 लाख रुपये वार्षिक आय होती थी। इसके लिए तीन साल का एग्रीमेंट भी हुआ था।
महापौर ने बताया कि जहां पर चौपाटी है वहीं पास में शैक्षणिक संस्थान भी है। युवाओं को रोज नशेड़ी बदमाशों और अप्रिय घटनाओं का सामना करना पड़ता था। साथ ही इस जगह पर चौपाटी होने से यातायात भी प्रभावित रहा है। एक मायने में साइंस कॉलेज मैदान के पास बदमाशों का अड्डा बन गया था। उन्होंने कहा कि अब रेलवे विभाग से चर्चा कर सहमति मिलने के बाद ही आगे विस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ताकि इस विस्थापन से सभी को सहोलियत मिल सके।


