ताजा खबर

बिहार चुनाव : दो लाख डाक मतों में 24 हजार अमान्य घोषित किए गए
21-Nov-2025 9:43 PM
बिहार चुनाव : दो लाख डाक मतों में 24 हजार अमान्य घोषित किए गए

नयी दिल्ली, 21 नवंबर। बिहार विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान दो लाख से अधिक डाक मतों में से लगभग 24,000 को अमान्य करार दिया गया।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है।

हालिया चुनाव में कुल 5.02 करोड़ मत डाले गए और इनमें 4.93 करोड़ वैध और 9.34 लाख अवैध पाए गए।

आयोग के अनुसार, इन पांच करोड़ से अधिक मतों में 2.01 लाख वोट डाक मतपत्रों के माध्यम से डाले गए थे। इनमें 23,918 मतपत्र अमान्य करार दिए गए।

कुल डाक मतों की तुलना में अस्वीकृत डाक मतों का प्रतिशत 11.87 प्रतिशत दर्ज किया गया।

‘‘उपरोक्त में से कोई नहीं’’ (नोटा) विकल्प के तहत कुल मत 9.10 लाख थे, जिनमें ईवीएम के जरिए डाले गए और डाक मतपत्रों के माध्यम से दिए गए मत भी शामिल है। नोटा मत कुल मतों का 1.81 फीसदी है।

इस महीने की शुरुआत में हुए दो चरणों के चुनाव में कुल 67.25 प्रतिशत मतदान हुआ।

आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि केवल एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार था जिसने चुनाव लड़ा और उसने अपनी जमानत खो दी।

आंकड़ों के मुताबिक, कुल 7.47 करोड़ मतदाताओं में से पंजीकृत तीसरे लिंग के मतदाताओं की संख्या 1701 थी। (भाषा)


अन्य पोस्ट