ताजा खबर
प्रफुल्ल एन. भारत के इस्तीफे के बाद हुई नियुक्ति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21 नवंबर। छत्तीसगढ़ सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव करते हुए बिलासपुर उच्च न्यायालय के अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा को राज्य के नए महाधिवक्ता के पद पर नियुक्त कर दिया है। यह नियुक्ति भारत के संविधान के अनुच्छेद 165(1) के प्रावधानों के तहत की गई है, जो राज्य सरकार को उच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखने के लिए एक प्रमुख विधि अधिकारी नियुक्त करने की अनुमति देता है। अधिसूचना आज विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा जारी की गई, जिसमें प्रमुख सचिव सुषमा सावंत ने विवेक शर्मा को तत्काल प्रभाव से महाधिवक्ता पदभार संभालने का निर्देश दिया है।
विवेक शर्मा पहले से ही छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। वे बिलासपुर उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों में सरकार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
यह बदलाव पूर्व महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन. भारत के इस्तीफे के बाद हुआ है। प्रफुल्ल भारत ने हाल ही में, लगभग चार दिन पूर्व 17 नवंबर को, राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंपा था। राज्य सरकार ने इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया था। प्रफुल्ल भारत का कार्यकाल जनवरी 2024 से शुरू हुआ था, जब उन्हें छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया । वे 2014 से 2018 तक अतिरिक्त महाधिवक्ता रह चुके थे और जून 2021 में उच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता घोषित किए गए थे।
अलग से जारी एक पत्र में प्रफुल्ल भारत ने अपने इस्तीफे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रिमंडल, नौकरशाहों, सहयोगियों और राज्यपाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की थी। उन्होंने उच्च एवं सर्वोच्च न्यायालयों में राज्य के हितों की रक्षा करने के अवसर के लिए आभार जताया, लेकिन इस्तीफे के विशिष्ट कारणों का उल्लेख नहीं किया। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि यह बदलाव राज्य सरकार की नई विधायी रणनीति का हिस्सा हो सकता है, हालांकि आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की गई।
आदेश के अनुसार, विवेक शर्मा अब बिलासपुर उच्च न्यायालय में राज्य सरकार के सभी मामलों में मुख्य विधि प्रतिनिधि के रूप में कार्य करेंगे। यह नियुक्ति राज्यपाल की मंजूरी के बाद प्रभावी हुई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यह कदम उच्च न्यायालय में लंबित मामलों की तेजी से सुनवाई और राज्य हितों की मजबूत पैरवी सुनिश्चित करेगा।
नए महाधिवक्ता की नियुक्ति से पहले, प्रफुल्ल भारत के इस्तीफे के बाद संभावित उम्मीदवारों में विवेक शर्मा के अलावा यशवंत ठाकुर और मनोज परांजपे के नाम भी चर्चा में थे। विवेक शर्मा का चयन उनकी लंबी कानूनी अनुभव और सरकार के प्रति निष्ठा को देखते हुए प्रतीत होता है।


