ताजा खबर

महिला को कार से टक्कर मार कर भागा टीआई, रेलवे क्रांसिंग तक पीछा कर लोगों ने पकड़ा
20-Nov-2025 11:56 AM
महिला को कार से टक्कर मार कर भागा टीआई, रेलवे क्रांसिंग तक पीछा कर लोगों ने पकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 नवंबर। बुधवार सुबह कार सवार पुलिस लाइन में पदस्थ इंस्पेक्टर अनिल अग्रवाल ने एक बाइक और पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला संतोषी श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मदद के लिए रुकने के बजाय इंस्पेक्टर मौके से भागने लगे, लेकिन रेलवे फाटक बंद होने से फंस गए और लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।

19 नवंबर की सुबह इंस्पेक्टर अनिल अग्रवाल अपनी कार (सीजी 10 बीएन 9904) से जा रहे थे।
सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास उन्होंने बाइक सवार मुकेश त्रिपाठी और पैदल चल रही महिला को ठोकर मार दी। टक्कर के बाद महिला सिर के बल सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई। हादसे के तुरंत बाद इंस्पेक्टर अपनी कार आगे बढ़ाते हुए निकलने लगे। लोगों ने कार को पहचान लिया और दौड़कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। मगर टीआई नहीं रुके। मगर, थोड़ी दूर पर ही अमेरी का रेलवे फाटक बंद था, जिससे उन्हें कार रोकनी पड़ी।  लोगों ने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद वे वापस लौटे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंस्पेक्टर घायल महिला का मोबाइल अपने साथ ले गए थे, जिसके चलते परिवार को हादसे की जानकारी देर से मिली। परिजन महिला की तलाश में काफी परेशान हुए।इंस्पेक्टर ने अस्पताल में यह गलत जानकारी दर्ज कराई कि महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। डॉक्टरों ने इसी आधार पर मेमो भी तैयार कर दिया, जबकि कार पुलिस निरीक्षक अनिल अग्रवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है। इंस्पेक्टर अनिल अग्रवाल का कहना है कि महिला को उन्होंने टक्कर नहीं मारी। एक बाइक उनकी कार की खिड़की से टकराई, जिससे पास खड़ी महिला गिर गई। उन्होंने बताया कि ड्यूटी की जल्दी के चलते आगे बढ़ गए, लेकिन बाद में राहगीर के घायल होने जानकारी मिलने पर मानवता के नाते वापस लौटे और महिला को खुद ही अस्पताल ले गए। मोबाइल ले जाने के सवाल पर कहा कि मौके पर कोई परिजन नहीं था, इसलिए साथ ले गए और बाद में वापस कर दिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने कहा कि घटना की किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। नेहरू नगर के निजी अस्पताल में भर्ती महिला की स्थिति अब पहले से बेहतर बताई जा रही है।


अन्य पोस्ट