ताजा खबर
तबादले, अनुदान के लिए सर्वाधिक आवेदन, निराकरण भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,13 नवंबर। सीएम के जनदर्शन में गुरुवार को समस्याओं के निराकरण के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। तबादले, और अनुदान को लेकर सबसे ज्यादा आवेदन मिले हैं। सीएम विष्णुदेव साय ने लोगों को चर्चा कर आवेदनों पर कार्रवाई भी की।
छह माह के ब्रेक के बाद सीएम हाउस में जनदर्शन में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सिविल लाइन स्थित सीएम हाउस में मुलाकातियों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थी। दिव्यांगों और सामाजिक प्रतिनिधिमंडल के लिए अलग व्यवस्था थी। सीएम श्री साय ने आते ही सबसे पहले दिव्यांगों से मुलाकात की, और एक-एक कर उनकी समस्याएं पूछी। उन्होंने कई का तो मौके पर ही निराकरण भी किया। इसके बाद सीएम ने सामाजिक संस्थाओं के लोगों, और प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। उनकी समस्याओं की जानकारी ली, और आवेदनों पर कार्रवाई की अनुशंसा भी की।
सीएम ने एक-एक कर कतारबद्ध लोगों से मिले। मिलने वालों में बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी-कर्मचारी भी थे। कुछ प्रकरण पति-पत्नी के एक ही स्थान पर तबादले के लिए आए थे। इससे परे शिक्षकों की युक्तियुक्तकरण के चलते अतिशेष शिक्षकों के प्रकरण भी थे। कांकेर से आई एक महिला शिक्षक ने बताया कि उनका तबादला कोंटा के आखिरी गांव, जो कि तेलंगाना बार्डर के नजदीक है वहां कर दिया गया है। उन्होंने सीएम से अपनी व्यथा सुनाई, और तबादला निरस्त करने का आग्रह किया।
जनदर्शन में जमीन कब्जे को लेकर शिकायतें आई है। इस पर पीडि़त ने सीएम से मिलकर हस्तक्षेप का आग्रह किया है। सीएम ने अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की मांग पर मुख्यमंत्री ने त्वरित निर्णय लेते हुए 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया। साहू ने व्हीलचेयर और आवश्यक खेल सामग्री खरीदने हेतु सहायता मांगी थी। उनकी परिस्थितियों और आवश्यकता को समझते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल चेक प्रदान कर उनकी सहायता की।

आवेदक पिंटू राम साहू ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से खेल जगत से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 2 अक्टूबर 2025 को पहली बार रग्बी खेलने के लिए ग्वालियर का दौरा किया था। साहू वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र हैं और दिव्यांगता के बावजूद लगातार खेल में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर श्री साहू ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब वे खेल में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करेंगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। इस दौरान रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी थे।


