ताजा खबर

मेमू ट्रेन हादसे में एक और मौत, मृतकों की संख्या 13 पहुंची
12-Nov-2025 12:13 PM
मेमू ट्रेन हादसे में एक और मौत, मृतकों की संख्या 13 पहुंची

18 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 12 नवंबर। कोरबा-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन हादसे में इलाज के दौरान एक और घायल युवती ने दम तोड़ दिया। मंगलवार की रात अपोलो अस्पताल में नैला निवासी मेहनिश परवीन (19 वर्ष) की मौत हो गई। इसके साथ ही इस भीषण रेल दुर्घटना में अब तक जान गंवाने वाले यात्रियों की संख्या 13 पहुंच गई है।

यह हादसा 4 नवंबर की शाम 4 बजे हुआ था, जब कोरबा-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन गतौरा स्टेशन और लालखदान ओवरब्रिज के बीच खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटना के दिन ही 11 लोगों की मौत हो गई थी।

उस समय करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें जिला अस्पताल, सिम्स, रेलवे अस्पताल और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना में गंभीर रूप से घायल बैमा निवासी पवन गढ़वाल की सोमवार सुबह सिम्स अस्पताल में मौत हो गई थी। पवन नैला स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे और हादसे के बाद से लगातार इलाज चल रहा था। उनकी मौत के अगले ही दिन, मंगलवार की रात मेहनिश परवीन ने भी दम तोड़ दिया।

रेल हादसे में घायल 18 यात्री अब भी सिम्स, अपोलो और जिला अस्पताल—में भर्ती हैं। चिकित्सकों का कहना है कि कुछ की हालत अब भी नाज़ुक बनी हुई है।


अन्य पोस्ट