ताजा खबर

बिहार चुनावः पिछली बार के मुक़ाबले 9 प्रतिशत अधिक हुआ मतदान, चुनाव आयोग ने और क्या बताया?
12-Nov-2025 9:35 AM
बिहार चुनावः पिछली बार के मुक़ाबले 9 प्रतिशत अधिक हुआ मतदान, चुनाव आयोग ने और क्या बताया?

बिहार विधानसभा चुनावों में मंगलवार शाम को दूसरे और अंतिम चरण का मतदान समाप्त हो गया.

बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है और किसी तरह की हिंसा की वारदात नहीं हुई है.

चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, दोनों चरणों में कुल 66.91 प्रतिशत मतदान हुआ. महिलाओं का 71.6 प्रतिशत और पुरुषों का 62.8 प्रतिशत मतदान रहा.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुंजियाल ने कहा, "दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद जो आंकड़े आए हैं, उसमें अभी तक मतदान का प्रतिशत 68.79 है. इसमें उन 2000 बूथों का डेटा शामिल नहीं है जिनके आंकड़े आने बाक़ी हैं."

उन्होंने बताया, "अगर दोनों चरणों का औसत निकालें तो अभी तक कुल 66.90 प्रतिशत मतदान हुआ है. इसमें उन 2000 बूथों के आंकड़े शामिल नहीं हैं. जो कि पिछले विधानसभा चुनाव से 6.9 प्रतिशत अधिक है और अभी डेटा आने से इसमें कुछ वृद्धि संभावित है."

विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि मंगलवार को लगभग तीन करोड़ 52 लाख रुपये की ज़ब्ती हुई जिसमें 1.7 करोड़ रुपये के शराब और ड्रग्स आदि थे.

उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक 127 करोड़ रुपये की ज़ब्ती हो चुकी है, जिसमें 78 करोड़ रुपये के शराब, ड्रग्स और नशीले पदार्थ थे.

निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, इस चुनाव में कुल 2016 उम्मीदवार थे और मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 45 लाख थी. सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की गई. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट