ताजा खबर

मुठभेड़ : 6 नक्सली ढेर, ऑटोमेटिक हथियार बरामद
11-Nov-2025 6:41 PM
मुठभेड़ : 6 नक्सली ढेर, ऑटोमेटिक हथियार बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 11 नवंबर।
बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर मुठभेड़ जारी रही है। जानकारी के अनुसार अब तक 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से ऑटोमेटिक हथियार, विस्फोटक सामान सहित भारी मात्रा में नक्सल सामान भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, नक्सलियोंं की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आज सुबह सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों से मुठभेड़ शुरू हुई, जो सुबह 10 बजे से रुक-रुक कर जारी है।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने मुठभेड़ स्थल से 6 माओवादियों के शव बरामद किए हैं। मुठभेड़ स्थल से ऑटोमेटिक हथियार इंसास रायफल, स्टेनगन, 303 रायफल, सहित अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री व माओवादी सामग्री बरामद हुई हुई।

बस्तर के आईजी सुन्दरराज पी. ने कहा कि आज के अभियान में 6 कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए हैं। सुरक्षा बलों के लिए एक निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त है। यह सफलता ऐसे समय में मिली है जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने कुछ बचे हुए ठिकानों में सिमटकर रह गया है।  डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर, सीआरपीएफ, सीएएफ पुलिस बल की अतिरिक्त टीमें आसपास के क्षेत्रों में भेजी गई हैं, ताकि अन्य फरार माओवादी कैडरों की घेराबंदी की जा सके। चूंकि ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारी इस समय साझा नहीं की जा सकती, ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अभियान पूर्ण होने के पश्चात विस्तृत रिपोर्ट अलग से साझा की जाएगी।


अन्य पोस्ट