ताजा खबर
मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 11 नवंबर। कोनी क्षेत्र के निरतू स्थित स्टील प्लांट में सोमवार को एक ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। काम के दौरान ट्रेलर के पहियों के नीचे आने से निरतू निवासी खगेश पटेल की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद गांव के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर प्लांट गेट पर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, खगेश पटेल स्टील प्लांट में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। सोमवार की सुबह वह हमेशा की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे। उसी दौरान कोयला खाली कर लौट रहा एक ट्रेलर चालक वाहन को रिवर्स कर रहा था, तभी खगेश अचानक पीछे आ गए। चालक उन्हें देख नहीं पाया और कुछ ही सेकंड में ट्रेलर के पिछले पहियों ने उन्हें कुचल दिया। खगेश की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना होते ही प्लांट में अफरातफरी मच गई। काम कर रहे अन्य कर्मचारियों ने तत्काल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।
कर्मचारी की मौत की खबर मिलते ही निरतू गांव के सैकड़ों लोग प्लांट के बाहर पहुंच गए। उन्होंने मुआवजे और परिजनों को नौकरी देने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। कुछ देर के लिए प्लांट का कामकाज ठप हो गया।
स्थिति को संभालने के लिए कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है और प्लांट प्रबंधन से जवाब तलब किया जाएगा।


