ताजा खबर
श्रीनगर, 11 नवंबर। जम्मू कश्मीर की बडगाम विधानसभा सीट पर उपचुनाव में 17 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 173 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ और यह सुचारू रूप से जारी है। मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा।
बडगाम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1.26 लाख पंजीकृत मतदाता हैं और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी तैयारियां की गई हैं।
इस उपचुनाव को सरकार के मुखिया और नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख के रूप में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के प्रदर्शन की अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।
पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में अब्दुल्ला ने अपने पारिवारिक गढ़ गांदरबल से भी चुनाव जीता था, जिसके बाद उन्होंने यह सीट खाली कर दी थी। इसके बाद ही इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
बडगाम नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) का गढ़ रहा है, जहां 1962 से ही इसके उम्मीदवार जीतते रहे हैं। अपवाद के तौर पर 1972 में कांग्रेस उम्मीदवार ने यहां से जीत हासिल की थी।
श्रीनगर से नेशनल कॉन्फ्रेंस के लोकसभा सदस्य आगा रूहुल्लाह मेहदी ने 2002, 2008 और 2014 के विधानसभा चुनाव में बडगाम सीट से जीत हासिल की। अब्दुल्ला 2024 में यहां से विजयी हुए थे।
इस चुनाव में 17 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि सत्तारूढ़ नेकां के आगा सैयद महमूद को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के आगा मुंतजिर से कड़ी चुनौती मिल रही है। (भाषा)


