ताजा खबर

राज्य स्तरीय आवास मेले में दो हजार करोड़ की नई आवासीय योजनाओं का होगा शुभारंभ
10-Nov-2025 7:55 PM
राज्य स्तरीय आवास मेले में दो हजार करोड़ की नई आवासीय योजनाओं का होगा शुभारंभ

 हितग्राहियों के लिए नवीन आबंटी पोर्टल का भी होगा शुभारंभ

रायपुर, 10 नवम्बर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल राजधानी  के बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर में 23 से 25 नवम्बर  तक राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित करेगा।

इस मेले में प्रदेशभर की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की विस्तृत जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी। साथ ही, आवासीय योजनाओं की स्पॉट बुकिंग सुविधा, बैंक ऋण सहायता तथा पंजीकरणकर्ताओं के लिए आकर्षक उपहार जैसी विशेष व्यवस्थाएँ भी की जाएँगी।

इस दौरान हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगभग 2000 करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इन योजनाओं में लगभग 70 प्रतिशत आवासीय संपत्तियाँ समाज के कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए आरक्षित रहेंगी।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री  ओ. पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य हर परिवार को अपना पक्का घर उपलब्ध कराना है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आयोजित यह राज्य स्तरीय आवास मेला प्रदेशवासियों के लिए किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि वर्ष 2027 तक प्रत्येक परिवार के पास अपना पक्का छत हो।

मंडल के अध्यक्ष  अनुराग सिंह देव ने  मेला प्रदेश की आवासीय विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा। छत्तीसगढ़ स्थापना के रजत जयंती वर्ष में यह आयोजन “सबके लिए आवास” के लक्ष्य की दिशा में एक सार्थक और ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा।

"प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। गृह निर्माण मंडल द्वारा दो हजार करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ प्रदेश की आवासीय विकास यात्रा में नया अध्याय जोड़ेगा और समाज के कमजोर वर्गों से लेकर मध्यम आय वर्ग तक के परिवारों को किफायती दरों पर सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराएगा। राज्य स्तरीय आवास मेला केवल घरों का नहीं, बल्कि सपनों को आकार देने का उत्सव है - जहाँ हर परिवार अपने भविष्य की नई नींव रखेगा। -  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय


अन्य पोस्ट