ताजा खबर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षा संस्थाओं में वंदे मातरम् को गाना अनिवार्य कर देगी.
उन्होंने कहा, ''आप याद कीजिए, एक ऐसा गीत जिसने भारत की सोई हुई चेतना को जागृत कर दिया. कौन ऐसा क्रांतिकारी होगा जिसने 1876 के बाद आजादी की लड़ाई के दौरान वंदेमातरम का उद्घोष न किया हो. देखते-देखते वंदे मातरम का ये उद्घोष विदेशी दासता से मुक्ति का मंत्र बन गया.''
योगी बोले, ''सोचिए जो गीत भारत की आजादी का मंत्र बना हो उसे भी लोगों ने सांप्रदायिक कहकर उसमें संशोधन करने का प्रयास किया. कांग्रेस ने ये कोशिश की. कांग्रेस ने कहा कि पांच या छह छंद क्यों पढ़ना है दो छंद ही काफ़ी है.''
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''भारत की एकता को नुक़सान पहुंचाने वाली ताक़तों को पहचानना जरूरी है. हमें उनसे प्रभावी तरीके से निपटना होगा ताकि कोई भारत की एकता को चुनौती देने वाला कोई जिन्ना न पैदा हो.कोई व्यक्ति हो, कोई जाति, मत या मजहब, वो किसी राष्ट्र से बढ़कर नहीं हो सकता. अगर किसी की आस्था राष्ट्रीय एकता में बाधा डाले तो उसे रोकना होगा.'' (bbc.com/hindi)


