ताजा खबर

जयराम रमेश ने लगाया आरोप, आईआईटी से पढ़ाई करने वालों पर भी बेरोज़गारी की मार
10-Nov-2025 7:44 PM
जयराम रमेश ने लगाया आरोप, आईआईटी से पढ़ाई करने वालों पर भी बेरोज़गारी की मार

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि देश के प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) से पढ़ाई करने वालों को मिलने वाली नौकरी और सैलरी, दोनों में भारी गिरावट आई है.

जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आईआईटी के नए आंकड़े, जिन्हें मोदी सरकार ने ख़ुद तैयार किया लेकिन जारी करना उचित नहीं समझा, दिखाते हैं कि अंतिम वर्ष के बी.टेक छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट मिलने की दर और औसत सैलरी पैकेज, दोनों में भारी गिरावट आई है.”

जयराम रमेश ने दावा किया, “सत्र 2021-22 से 2023-24 के बीच सात सबसे पुराने आईआईटी कॉलेजों के प्लेसमेंट में 11 प्रतिशत अंकों की गिरावट और सैलरी में 0.2 लाख रुपये की गिरावट देखी गई.”

"वहीं अन्य आठ आईआईटी कॉलेजों के प्लेसमेंट में 9 प्रतिशत अंकों की गिरावट और औसत पैकेज में 2.2 लाख रुपये की कमी आई.”

उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्पष्ट है कि व्यापक बेरोज़गारी और सैलरी के ठहराव की दोहरी मार अब आईआईटी जैसे प्रीमियर संस्थानों के छात्रों तक पहुँच चुकी है.

साल 1951 से 2001 के बीच स्थापित आईआईटी खड़गपुर, बॉम्बे, मद्रास, कानपुर, दिल्ली, गुवाहटी और रुड़की को पुराने आईआईटी में शामिल किया जाता है.

इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने की इच्छा रखने वाले छात्रों के बीच आईआईटी की बड़ी मांग होती है.

हिन्दुस्तान टाइम्स की एक ख़बर के मुताबिक़, देश के 23 आईआईटी में बी.टेक छात्रों के प्लेसमेंट में क़रीब 10% की गिरावट आई है. यह सत्र 2021-22 में 90% से ज़्यादा था, जबकि 2023-24 में यह गिरकर 80% के क़रीब आ गया. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट