ताजा खबर

किसी भी मतदाता का दुर्भावनापूर्वक नाम न कटे, बीएलओ रखेंगे नजर
10-Nov-2025 6:23 PM
किसी भी मतदाता का दुर्भावनापूर्वक  नाम न कटे, बीएलओ रखेंगे नजर

एसआईआर की कांग्रेस ने की समय सीमा बढ़ाने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर ,10 नवंबर। मतदाता सूची में गहन पुनरीक्षण के कार्य पर कांग्रेस की निगरानी समिति की सोमवार को बैठक हुई। यह तय किया गया, कि किसी भी मतदाता का गलत और दुर्भावनापूर्वक नाम नहीं काटा जाए, इसकी पार्टी के कार्यकर्ता निगरानी रखेंगे। यही नहीं, गहन पुनरीक्षण के लिए समय-सीमा बढ़ाकर तीन महीने करने के पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग से मिलेगा।

देश के 12 राज्यों के साथ छत्तीसगढ़ में भी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। एसआईआर को लेकर कांग्रेस की निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, निगरानी समिति के संयोजक मोहन मरकाम, प्रभारी सचिवगण एस सम्पत, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़ वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल हुए।

बैठक में निर्णय हुआ कि कांग्रेस के बीएलओ पूरी सजगता से इस कार्यक्रम की निगरानी रखेंगे।  किसी भी मतदाता का गलत और दुर्भावना पूर्वक नाम नहीं काटा जाए। कांग्रेस के बीएलओ और कार्यकर्ता इसकी निगरानी करेंगे।  पूरे एसआईआर के काम प्रदेश में सतत निगरानी के लिये पीसीसी में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

सभी सदस्य अपने प्रभार लोकसभा में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों से समन्वय स्थापित कर निगरानी करेंगे।  जिला-विधानसभा स्तर में भी निगरानी समिति का विस्तार किया जाएगा। यह कहा गया कि दस्तावेज जमा करने और सत्यापन के लिए मतदाता को दी जा रही समय सीमा 1 माह अपर्याप्त है।

निगरानी समितियों के सदस्यों का कहना था कि वर्तमान में राज्य  में धान कटाई का समय चल रहा उसके बाद धान बेचने किसानों को सोसायटी में जाना पड़ता है, लिहाजा, समय बढ़ाना जरूरी है। वैसे भी छत्तीसगढ़ जैसे राज्य जहां चुनाव में पर्याप्त 3 साल का समय है। इस समय सीमा को बढ़ा कर न्यूनतम तीन माह किया जाय ताकि कोई छूटे नहीं। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग से भी मिलेगा तथा समय बढ़ाने की मांग करेगा।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी, देवेन्द्र यादव, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, राजेन्द्र साहू, बिरेश ठाकुर, रेखचंद जैन, शैलेश नितिन त्रिवेदी, विनोद वर्मा, महामंत्री सकलेन कामदार, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, शफी अहमद, कांग्रेस विधि विभाग अध्यक्ष देवा देवांगन शामिल हुए।

समय बढ़ाने की मांग उचित नहीं-गजेंद्र

एसआईआर अभियान की समयावधि बढ़ाने की कांग्रेस की मांग पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का यही उपयुक्त समय है। सभी किसान धान कटाई के लिए गांव में मौजूद हैं। कांग्रेस सक्रिय नहीं है इसलिए विरोध कर समय बढ़ाने की मांग कर रही है।


अन्य पोस्ट