ताजा खबर

हिट एंड रन : भिलाई की गाड़ी ने एमपी में 4 को कुचला
10-Nov-2025 6:02 PM
हिट एंड रन : भिलाई की गाड़ी  ने एमपी में 4 को कुचला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 10 नवंबर। भिलाई से कानपुर जा रहे स्कॉर्पियो सवार ने रीवा में 4 लोगों को कुचल दिया है। इस भीषण सडक़ हादसे में सडक़ पार कर रहे चारों की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे हैं। मरने वाले तीन लोग एक ही परिवार के थे। जबकि हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह घटना मध्यप्रदेश के रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में घटी। स्कॉर्पियो मालिक ब्रिजेंद्र सिंह सेक्टर-10 भिलाई के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी उनका साला चला रहा था। साथ में उनका साढ़ू का बेटा भी था। उन्होंने बताया कि साढ़ू आईसीयू में भर्ती हैं। उन्हें देखने के लिए वे कल सुबह 7 बजे कानपुर के लिए निकले थे। हादसे में दोनों ही सुरक्षित हैं। एयर बैग खुलने से उनकी जान बच गई।

इस मामले में पुलिस ने हिट एंड रन का केस दर्ज किया है। स्कॉर्पियो चलाने वाला सेक्टर-2, भिलाई में रहता है। पुलिस ने बताया कि रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सडक़ पार कर रहे चार लोगों को कुचल दिया है। हादसे में चारों की मौत हो गई, इनमें दो बच्चे हैं। मरने वाले तीन लोग एक ही परिवार के हैं। हादसे से पहले तीन लोग पैदल सडक़ पार कर रहे थे जबकि एक व्यक्ति बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी छोडक़र मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ और मनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सडक़ से हटवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद काफी देर तक रीवा-प्रयागराज मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।

हादसे के बाद तीन शव काफी देर तक सडक़ पर ही पड़े रहे। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। रीवा पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रामनरेश साकेत पिता रामसिया साकेत (35 वर्ष) निवासी ग्राम तेंदुआ कोठार, रुचि साकेत पिता रामनरेश साकेत (12 वर्ष) निवासी ग्राम तेंदुआ कोठार, रचना साकेत पिता कन्हैया साकेत (13 वर्ष) निवासी ग्राम तेंदुआ कोठार, कमलेश सिंह (35 वर्ष) पिता रामसिया सिंह शामिल हैं। जबकि सुलेखा साकेत पिता मुन्नीलाल साकेत और सौम्या पिता मुन्नीलाल साकेत घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।


अन्य पोस्ट