ताजा खबर

महासमुंद की मृणाल विदानी और ओजल चंद्राकर को बेस्ट इनोवेशन अवार्ड
10-Nov-2025 1:33 PM
 महासमुंद की मृणाल विदानी और ओजल चंद्राकर को बेस्ट इनोवेशन अवार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 नवंबर।
महासमुंद की मृणाल विदानी और ओजल चंद्राकर को जयपुर में आयोजित पांचवें इंटरनेशनल फॉरेंसिक कॉन्फ्रेंस में बेस्ट इनोवेशन अवार्ड मिला है। दोनों ने फॉरेंसिक उपयोग के लिए चेंच भाजी से पाउडर और कोसे से ब्रश तैयार किया है।

यह अवार्ड विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी, जयपुर में आयोजित सम्मेलन में दिया गया। कार्यक्रम में जी.के. गोस्वामी (सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी), डॉ. परमजीत सिंह (अतिरिक्त निदेशक, आरएफएसएल उदयपुर), डॉ. अजय शर्मा (निदेशक, एफएसएल जयपुर), करण सोनी (साइबर विशेषज्ञ, चंडीगढ़ पुलिस), डॉ. दीपक कुमार (आई4सी), डॉ. रंजीत शर्मा और कुंतल उपस्थित थे।

मृणाल विदानी विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी, जयपुर में फॉरेंसिक साइंस में मास्टर्स की अंतिम सेमेस्टर की छात्रा हैं और ओजल चंद्राकर फॉरेंसिक साइंस में स्नातक की तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। दोनों महासमुंद जिले की निवासी हैं।

भारत सरकार ने मृणाल विदानी को कोसे से फॉरेंसिक ब्रश, चेंच भाजी से पाउडर और खरसी से फॉरेंसिक पाउडर बनाने के लिए कॉपीराइट प्रदान किया है। ओजल चंद्राकर को चेंच भाजी और खरसी से फॉरेंसिक पाउडर तैयार करने पर दो कॉपीराइट मिले हैं।

सम्मेलन में मृणाल विदानी को एक नए इनोवेशन की प्रस्तुति के लिए ‘बेस्ट ओरल प्रेजेंटेशन’ अवार्ड भी मिला। उन्होंने सेनहा (सेम्हर की रुई) से फॉरेंसिक ब्रश और पाउडर तैयार करने पर काम शुरू किया है। विश्वविद्यालय के प्रोफेसर इसके कॉपीराइट आवेदन की प्रक्रिया में हैं।

विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी के फाउंडर, चेयरपर्सन और शिक्षकों ने दोनों छात्राओं को बधाई दी। विश्वविद्यालय के संरक्षक डॉ. के. राम, डॉ. के. आर. बगारिया, डॉ. ललित पवार, प्रो. कैलाश अग्रवाल और अन्य शिक्षकों ने कहा कि यह उपलब्धि फॉरेंसिक अध्ययन के क्षेत्र में अनुसंधान को प्रोत्साहित करेगी।

महासमुंद में दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर उनके परिजनों, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, एएसपी प्रतिभा तिवारी पांडेय, सांसद रूप कुमारी चौधरी, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित कई लोगों ने बधाई दी।

वक्ताओं ने विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी को धन्यवाद देते हुए कहा कि संस्थान ने छात्राओं को अनुसंधान और नवाचार के अवसर दिए हैं।


अन्य पोस्ट