ताजा खबर

दिल्ली की उड़ानें घटने के बाद किराया 12 हजार तक पहुंचा
10-Nov-2025 12:36 PM
दिल्ली की उड़ानें घटने के बाद किराया 12 हजार तक पहुंचा

नागपुर से फ्लाइट पकड़ना भी बना चुनौती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 10 नवंबर। बिलासपुर से दिल्ली के बीच उड़ानों की संख्या घटने का सीधा असर अब यात्रियों की जेब पर पड़ने लगा है। रायपुर से दिल्ली हवाई टिकट के दाम एक ही दिन में लगभग दोगुने हो गए हैं। पहले जहां यह किराया 5 से 6 हजार रुपए के बीच था, वहीं अब यह बढ़कर 8 हजार से 12 हजार रुपए तक पहुंच गया है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बताया कि एलायंस एयर ने बिलासपुर से दिल्ली के बीच शनिवार, रविवार और सोमवार को उड़ानें बंद कर दी हैं। अब केवल मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को ही दिल्ली के लिए फ्लाइट उपलब्ध है। समिति ने इसे अव्यावहारिक निर्णय बताते हुए कहा कि जिन दिनों में लोगों को सबसे अधिक यात्रा करनी होती है, उन्हीं दिनों उड़ानें रोक दी गई हैं।

यात्रियों ने पहले विकल्प के तौर पर नागपुर से दिल्ली जाने का रास्ता अपनाया था, लेकिन ट्रेनों की अनियमितता ने यह सुविधा भी छीन ली है। समिति ने उदाहरण देते हुए बताया कि एक यात्री ने नागपुर से रात 9 बजे की फ्लाइट बुक की थी, लेकिन कोलकाता की ओर से आने वाली समरसता एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस और हापा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 4 से 8 घंटे देरी से चलने के कारण वह फ्लाइट पकड़ नहीं पाए। ₹5400 की टिकट कैंसिल करने पर केवल ₹230 का ही रिफंड मिला।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने सवाल उठाया है कि एलायंस एयर बार-बार राज्य सरकार के साथ हुए एमओयू का हवाला दे रही है, लेकिन ऐसा कोई दस्तावेज़ सार्वजनिक नहीं किया गया है। समिति ने मांग की कि राज्य सरकार इस विषय पर पारदर्शिता लाए और यदि उड़ान संचालन की ऐसी अव्यावहारिक शर्तें एमओयू में हैं, तो उसमें तत्काल संशोधन किया जाए।

इस मुद्दे को लेकर समिति का महाधरना आज भी जारी रहा। धरने में रवि बनर्जी, रामशरण यादव, नारद श्रीवास, डॉ. प्रदीप राही, हर प्रसाद केवल, बद्री प्रसाद केवट, परसराम केवट, चित्रकांत श्रीवास, संतोष पीपलवा, मनोज तिवारी, अशोक भंडारी, देवेंद्र सिंह ठाकुर, समीर अहमद बबला, महेश दुबे टाटा, विजय वर्मा, अनिल गुलहरे, जसबीर सिंह चावला, रणजीत सिंह खनूजा, रामा बघेल, प्रकाश बहरानी, अमर बजाज, शिरीष कश्यप, केशव गोरख, मजहर खान, मोहन जायसवाल, प्रतीक तिवारी, आशुतोष शर्मा, कृष्ण मुरारी दुबे, मोहसिन अली, अखिल अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित कई नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट