ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 8 नवंबर । राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, का 16वां दीक्षांत समारोह कल रविवार को दोपहर 2:00 बजे पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम, रायपुर में आयोजित किया जाएगा।
समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा शनिवार को आयोजित पूर्वाभ्यास में विद्यार्थियों को डिग्री एवं पदक वितरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, रक्षा मंत्री, के वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. जी. सतीश रेड्डी विशिष्ट अतिथि होंगे । कार्यक्रम की अध्यक्षता एनआईटी रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे करेंगे। एनआईटी के निदेशक प्रो. एन. वी. रामना राव इस अवसर पर संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
इस वर्ष कुल 1,382 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें बी.टेक एवं बी.आर्क कार्यक्रमों के 1,055 विद्यार्थी, एमसीए, एम.एससी. एवं एम.टेक के 278 विद्यार्थी, तथा 49 शोधार्थी (पीएच.डी.) शामिल हैं।
उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए कुल 54 पदक — 27 स्वर्ण और 27 रजत पदक — प्रदान किए जाएंगे। इनमें बी.टेक एवं बी.आर्क कार्यक्रमों के 13 स्वर्ण और 12 रजत पदक, तथा एमसीए, एम.एससी. और एम.टेक कार्यक्रमों के 14 स्वर्ण और 15 रजत पदक शामिल हैं। संस्थान के सर्वश्रेष्ठ छात्र का प्रतिष्ठित पुरस्कार कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा की छात्रा सुश्री आर्या श्रीवास्तव को प्रदान किया जाएगा।


