ताजा खबर

रेल हादसे में शहीद लोको पायलट की बेटियों की शिक्षा और विवाह का खर्च उठाएगी कोल कंपनी
08-Nov-2025 1:59 PM
रेल हादसे में शहीद लोको पायलट की बेटियों की शिक्षा और विवाह का खर्च उठाएगी कोल कंपनी

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 8 नवंबर। 4 नवंबर को बिलासपुर में हुई भीषण रेल दुर्घटना के बाद, इस हादसे में जान गंवाने वाले लोको पायलट विद्या सागर कुशवाहा के परिवार की मदद के लिए क्लीन कोल एंटरप्राइजेज प्रा. लि. आगे आई है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह विद्या सागर कुशवाहा की तीनों बेटियों की शिक्षा और विवाह का पूरा खर्च उठाएगी।

कंपनी के निदेशक संजय अग्रवाल ने इस संबंध में जिला कलेक्टर बिलासपुर को पत्र लिखकर औपचारिक घोषणा की है।  कंपनी ने कहा कि यह कदम मानवीय और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत उठाया गया है ताकि शोकग्रस्त परिवार को भविष्य में किसी आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े। पत्र की एक प्रति दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक को भी भेजी गई है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि स्वर्गीय लोको पायलट विद्या सागर कुशवाहा की तीनों बेटियों की पूरी शिक्षा की जिम्मेदारी कंपनी उठाएगी। साथ ही जब ये बेटियां विवाह योग्य होंगी, तब कंपनी विवाह में आर्थिक सहयोग भी प्रदान करेगी। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य परिवार के आर्थिक बोझ को कम करना और बेटियों का भविष्य सुरक्षित बनाना है।

इसी रेल हादसे में एक और परिवार के सभी सदस्य असमय काल के गाल में समा गए थे। कंपनी ने घोषणा की है कि उस परिवार के एकमात्र बचे बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी भी कंपनी निभाएगी। हालांकि वर्तमान में दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं, इसलिए कंपनी ने कहा है कि स्थिति सामान्य होने पर परिजनों से संपर्क कर सहायता की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट