ताजा खबर

कोटा में कल्चुरी समाज के बैनर फाड़ने पर तीन गिरफ्तार, रतनपुर में कल होगा उत्सव
08-Nov-2025 11:46 AM
कोटा में कल्चुरी समाज के बैनर फाड़ने पर तीन गिरफ्तार, रतनपुर में कल होगा उत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 8 नवंबर। रतनपुर में होने वाले कल्चुरी कलार महोत्सव से पहले कोटा में बैनर फाड़ने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कोटा पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे रेलवे स्टेशन के पास कुछ युवकों द्वारा  समाज के कार्यक्रम हेतु लगाए गए बैनर और पोस्टर फाड़े जा रहे थे।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और झगड़े की स्थिति पैदा कर दी। स्थानीय लोगों द्वारा समझाने के बावजूद वे नहीं माने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें कांति कुमार प्रजापति (29 वर्ष), अमर सिंह जट्ट (29 वर्ष) और गणेश गोस्वामी (32 वर्ष), निवासी बंधवापारा, कोटा शामिल हैं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

मालूम हो कि रतनपुर में 9 नवंबर को कल्चुरी कलार महासंघ द्वारा कलचुरी कलार महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन मां महामाया के मंदिर प्रांगण में होगा। आयोजकों का कहना है कि यह उत्सव समाज की परंपरा, कला और गौरवगाथा का प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अध्यक्षता करेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, तथा संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।


अन्य पोस्ट