ताजा खबर

नयी दिल्ली, 29 जुलाई। लोकसभा में मंगलवार को तकनीकी खामी के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे के संबोधन का अंग्रेजी रुपांतरण कुछ समय रुक जाने पर तमिलनाडु के कुछ सांसदों ने जोरदार हंगामा किया।
ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा के दौरान जब दुबे ने अपनी बात शुरू की तो सदन में कुछ दक्षिण भारतीय सांसदों ने संबोधन का अंग्रेजी रुपांतरण नहीं होने की शिकायत की।
इस पर पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने कहा कि कुछ तकनीकी खराबी के कारण संबोधन का अंग्रेजी रुपांतरण नहीं हो पा रहा है और इस खराबी को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद हंगामा कर रहे सांसद शांत नहीं हुए।
दुबे ने कहा, ‘‘आंधे घंटे तक बांग्ला में एक सांसद बोल रही थीं तब इन सांसदों को दिक्कत नहीं हुई थी और उन्होंने कोई विरोध नहीं किया था, लेकिन मेरे हिंदी में बोलने से इन्हें दिक्कत है।’’
दुबे से पहले तृणमूल कांग्रेस की सयानी घोष ने अपना ज्यादातर संबोधन बांग्ला में दिया था। वह बीच-बीच में अंग्रेजी एवं हिंदी में भी अपनी बात रख रही थीं।
भाजपा सांसद ने कहा कि हंगामा कर रहे सदस्यों को अंग्रेजी से या बांग्ला से दिक्कत नहीं है, केवल हिन्दी से दिक्कत है। उन्होंने कहा कि एक दिन ऐसा आएगा, जब पूरा देश अंग्रेजी का गुलाम हो जाएगा।
सैकिया ने तमिलनाडु के सांसदों को समझाने का प्रयास किया और कहा, ‘‘फिलहाल आप तमिल रुपांतरण सुनिए। तमिल एक गौरवपूर्ण भाषा है। तब तक तकनीकी दिक्कत ठीक की जा रही है।’’
हालांकि हंगामा कर रहे सांसद तब तक नहीं शांत हुए, जब तक दुबे के संबोधन का अंग्रेजी रुपांतरण शुरू नहीं हो गया। (भाषा)