ताजा खबर

प्रदेश में 16 लाख से अधिक पंजीकृत बेरोजगार पांच साल में 27 हजार को मिली प्राईवेट नौकरी
27-Jul-2025 10:27 PM
प्रदेश में 16 लाख से अधिक पंजीकृत बेरोजगार पांच साल में 27 हजार को मिली प्राईवेट नौकरी

रायपुर से ज्यादा जांजगीर और बालोद में बेरोजगार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 जुलाई।
प्रदेश में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या 16 लाख से अधिक है। रायपुर से ज्यादा बिलासपुर, दुर्ग, बालोद, जांजगीर और राजनांदगांव में बेरोजगार हैं। बताया गया कि प्लेसमेंट कैंप के जरिए निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में पिछले पांच साल में 28 हजार बेरोजगारों को नौकरी उपलब्ध कराई गई है। इस साल 838 बेरोजगारों को ही नौकरी मिल पाई है। 

प्रदेश के रोजगार-मार्गदर्शन केन्द्रों में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या 16 लाख 18 हजार 775 है। हालांकि वर्ष 2020 में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या 18 लाख 84 हजार 137 थी। पंजीकृत बेरोजगारों को पिछली सरकार में बेरोजगारी भत्ता उपलब्ध कराया जाता था। कुल 66 हजार 224 ही इसके पात्र थे, और उन्हें ढाई हजार रुपये भत्ता दिया गया। सरकार बदलने के बाद बेरोजगारी भत्ता बंद कर दिया गया। 

ताजा आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा पंजीकृत बेरोजगार दुर्ग जिले में हैं। यहां रोजगार  दफ्तर में एक लाख 13 हजार 42 बेरोजगारों का पंजीयन है। बिलासपुर में 1 लाख 5 हजार 123, जांजगीर में 99 हजार 952, बालोद में 95 हजार 108, और राजनांदगांव में 94 हजार 82 बेरोजगारों का पंजीयन है। रायपुर में 92 हजार 761 बेरोजगारों का पंजीयन है। 

सरकार ने प्लेसमेंट कैंप लगाकर निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में रोजगार उपलब्ध कराए हैं। पिछले पांच सालों में पंजीकृत बेरोजगारों में से 28 हजार 272 को निजी कंपनियों में रोजगार मिला है। वर्ष-2020 में 2151 को रोजगार मिला था। वर्ष-2023 में 8860, वर्ष-2024 में 6279 और अब तक इस साल 838 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। 


अन्य पोस्ट