ताजा खबर

फ्लोरा मैक्स कंपनी की शिकार सैकड़ों महिलाओं ने किया प्रदर्शन, लोन माफ करने की मांग
31-Dec-2024 11:33 AM
फ्लोरा मैक्स कंपनी की शिकार सैकड़ों महिलाओं ने किया प्रदर्शन, लोन माफ करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 31 दिसंबर। फ्लोरा मैक्स कंपनी और निजी बैंकों की मिलीभगत से लगभग 100 करोड़ की ठगी का शिकार हुई महिलाओं ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के पास जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों महिलाएं घंटाघर चौक से रैली निकालकर कलेक्टोरेट तक पहुंचीं और बैंकों की गुंडागर्दी, बढ़ते कर्ज के दबाव और लोन माफी की मांग को लेकर धरना दिया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि फ्लोरा मैक्स कंपनी ने निजी बैंकों के साथ मिलकर उन्हें झूठे वादों और लाभ के सपने दिखाए। महिलाओं को बैंक से लोन दिलाकर वह राशि कंपनी में निवेश कराई गई। जब कंपनी बंद हो गई, तो बैंकों ने कर्ज वसूली के लिए महिलाओं पर दबाव बढ़ा दिया।

बैंक कर्मचारियों पर घर-घर जाकर धमकी देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए। महिलाओं ने कहा कि ठगी से उनका सब कुछ लूट लिया गया और अब बैंकों की प्रताड़ना ने उन्हें आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है।

महिलाओं ने प्रदर्शन के दौरान सरकार और प्रशासन से फ्लोरा मैक्स कंपनी और बैंकों की मिलीभगत की जांच करने, ठगी की शिकार महिलाओं का लोन तुरंत माफ करने, बैंकों की गुंडागर्दी और प्रताड़ना पर रोक लगाने तथा दोषी कंपनियों और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने इसे सिर्फ ठगी की लड़ाई नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह धरना एक आवाज है, जो महिलाओं के आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए उठी है।

इस प्रदर्शन को स्थानीय संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों का भी समर्थन मिल रहा है। संगठनों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए न्याय की इस लड़ाई में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।


अन्य पोस्ट