ताजा खबर

पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर का निधन
23-Jun-2024 5:27 PM
पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर का निधन

महासमुंद, 23 जून। राज्य बीज-कृषि विकास निगम के अध्यक्ष व महासमुंद विधानसभा के पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर का रविवार को रायपुर के अस्पताल में निधन हो गया। वे महासमुंद विधानसभा से तीन बार विधायक रहे। उनका अंतिम संस्कार कल लभरा कला में किया जाएगा।

चंद्राकर के विषय में कहा जाता है कि उन्होंने कभी किसी को दुखी नहीं किया, जहां तक हो सके, लोगों को उनकी क्षमता के अनुरूप सहयोग किया करते थे। पूर्व विधायक श्री चंद्राकर ने महासमुंद में कई उल्लेखनीय कार्य किए थे। महासमुंद की राजनीति में वे पं. श्यामाचरण शुक्ल और उसके बाद अजीत जोगी के करीबी थे।

दिवंगत पूर्व विधायक श्री चंद्राकर वर्तमान में राज्य बीज निगम के अध्यक्ष थे। वे कांग्रेस के दिग्गज माने जाते थे।

महासमुंद में जैसे ही लोगों को उनके निधन का समाचार मिला, श्रद्धांजलि देने लगे। बहुत से लोग उनके निवास पहुंचे। अग्नि चंद्राकर को जिले के तमाम सोशल ग्रुपों में श्रद्धांजलि दी जा रही है। 

उनका अंतिम संस्कार 24 जून को दोपहर एक बजे  गृह ग्राम लभराकला में होगा। उनके पार्थिव शरीर को राजधानी से पहले स्टेशन रोड स्थित निवास लाया जाएगा। जहां से अंतिम यात्रा निकलेगी। कांग्रेस भवन में कांग्रेसी कार्यकर्ता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे, तत्पश्चात लभरा कला में अंतिम संस्कार होगा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे।


अन्य पोस्ट