ताजा खबर
BBC
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे कैबिनेट के विस्तार के बाद विभागों के बंटवारे को भी अंजाम दे दिया गया. रविवार को विभागों के बंटवारे के तहत गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपी गई है.
नौ अगस्त को दो सदस्यीय कैबिनेट के विस्तार के तहत 18 मंत्रियों के शामिल करने वाले एकनाथ शिंदे ने अपने पास शहरी विकास मंत्रालय रखा है.उनके पास पर्यावरण, अल्पसंख्यक, परिवहन, आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी भी है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गृह मंत्रालय के साथ वित्त मंत्रालय भी दिया गया है. चंद्रकांत पाटिल को शिक्षा मंत्रालय और अब्दुल सत्तार को कृषि मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है.
उपमुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एकनाथ शिंदे खेमा जरूरत पड़ने पर अगले कैबिनेट विस्तार से पहले कुछ विभागों में बदलाव भी कर सकता है.
राधाकृष्ण विखे पाटिल को राजस्व, पशुपालन और डेयरी विकास मंत्रालय दिया गया है. सुधीर मुनगंटीवार को वानिकी, सांस्कृतिक मामले और मत्स्य पालन, चंद्रकांत पाटिल को उच्च और तकनीकी शिक्षा, कपड़ा उद्योग और संसदीय कार्य का जिम्मा मिला है. शिंदे सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने नौ अगस्त को शपथ ली थी. (bbc.com)


