ताजा खबर

राज्यसभा प्रत्याशी, प्रियंका की पसंद पर मुहर
30-May-2022 12:40 PM
राज्यसभा प्रत्याशी, प्रियंका की पसंद पर मुहर

   राजीव शुक्ला, रंजीता रंजन कल पर्चा भरेंगे       

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई।
प्रदेश की राज्यसभा की दोनों सीट पर कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की पसंद पर मुहर लगाई है। बताया गया कि दोनों ही प्रत्याशी राजीव शुक्ला और रंजीता रंजन, प्रियंका गांधी के ही करीबी माने जाते हैं। मंगलवार को दोनों प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।

यह पहला मौका है जब कांग्रेस से दोनों ही सीट पर प्रदेश के बाहर के नेता को प्रत्याशी बनाया गया है। राज्यसभा की दोनों सीटों के प्रत्याशी को लेकर पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस में खींचतान चल रही थी। दर्जनभर से अधिक दावेदार सक्रिय थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को दावेदारों की सूची भी सौंपी थी, लेकिन जो नाम तय किए गए वो सूची में नहीं थे।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव शुक्ला यूपी और रंजीता रंजन बिहार से आती हैं। कहा जा रहा है कि दोनों ही जगहों में नेतृत्व खड़ा करने के इरादे से ही उन्हें राज्यसभा में भेजने का फैसला लिया गया। चर्चा यह है कि दोनों के नाम की सिफारिश पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने की थी। राजीव शुक्ला और रंजीता रंजन मंगलवार को दोपहर साढ़े 12 बजे विधानसभा भवन में नामांकन दाखिल करेंगे।

बताया गया कि नामांकन दाखिल करने से पहले सीएम हाऊस में विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें दोनों प्रत्याशियों का परिचय दिया जाएगा। इसके बाद सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में दोनों प्रत्याशी विधानसभा जाएंगे, और वहां नामांकन दाखिल करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने दोनों प्रत्याशियों के लिए नामांकन पत्र खरीद लिया है। कल नामांकन दाखिले के मौके पर सरकार के सभी मंत्री और विधायक व पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी रहेंगे।


अन्य पोस्ट