ताजा खबर

जन्मदिन पर पिकनिक मनाने गए किशोर और उसके दोस्त की बांध में डूबने से मौत, एक को बचाया गया
29-May-2022 9:07 AM
जन्मदिन पर पिकनिक मनाने गए किशोर और उसके दोस्त की बांध में डूबने से मौत, एक को बचाया गया

बिलासपुर, 29 मई। दयालबंद के दो किशोरों की बांध में डूबने से मौत हो गई। एक किशोर को डूबने से बचा लिया गया।

रतनपुर पुलिस के अनुसार दयालबंद, बिलासपुर के अंकित पनिकर (17 वर्ष) का शनिवार को जन्मदिन था। वह उसके दोस्त आकाश कश्यप, राज, प्रेम व नवीन रतनपुर से 7 किलोमीटर दूर कलमीटार के पास स्थित चचई बांध में पिकनिक मनाने गए थे। शाम करीब 4 बजे वे सभी बांध में नहाने के लिए उतरने लगे। वहां मौजूद गार्ड ने बांध की गहराई का हवाला देते हुए उन्हें नीचे नहीं उतरने कहा। इस पर दो दोस्त रुक गए पर अंकित, आकाश व प्रेम बांध में उतर गए। थोड़ी देर बाद तीनों बांध में डूबने लगे। वे चीख-चीखकर बचाव की गुहार लगाने लगे। प्रेम ज्यादा गहराई तक नहीं गया था। वहां मौजूद लोगों की मदद से वह बाहर निकाल लिया गया लेकिन अंकित पनिकर और आकाश कश्यप डूब गए।

सूचना मिलने पर एसडीओपी आशीष अरोरा और रतनपुर पुलिस की टीम वहां पहुंची। दोनों डूबे हुए किशोरों को स्थानीय तैराकों की मदद से करीब एक घंटे बाद बाहर निकाल लिया गया, दोनों की मौत हो चुकी थी। प्रेम की हालत बिगड़ गई थी, जिसका पहले रतनपुर में इलाज कराया गया। बाद में उसे बिलासपुर में इलाज के लिए लाया गया।


अन्य पोस्ट