ताजा खबर

नेपाल ने स्कॉटलैंड को हराकर टी20 विश्व कप में 12 साल के जीत के सूखे को खत्म किया
17-Feb-2026 10:55 PM
नेपाल ने स्कॉटलैंड को हराकर टी20 विश्व कप में 12 साल के जीत के सूखे को खत्म किया

मुंबई, 17 फरवरी। कुशल भुर्तेल (43) की तूफानी शुरुआत और दीपेंद्र सिंह ऐरी (नाबाद 50) की आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से नेपाल ने मंगलवार को यहां ग्रुप सी महज औपचारिकता वाले मुकाबले में स्कॉटलैंड को सात विकेट से हराकर टी20 विश्व कप में 12 साल के जीत के सूखे को खत्म किया।

नेपाल ने 2014 में अपने पदार्पण विश्व कप में अफगानिस्तान और नीदरलैंड को हराया था, लेकिन उसके बाद से जीत का स्वाद नहीं चखा था। ‘राइनोज’ ने  वानखेड़े स्टेडियम में 19,000 से अधिक दर्शकों के सामने प्रभावशाली जीत के साथ अभियान का समापन किया।

स्कॉटलैंड को सात विकेट पर 170 रन पर रोकने के बाद नेपाल ने 19.2 ओवर में तीन विकेट पर 171 रन  बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ एरी ने 23 गेंद की नाबाद पारी में तीन छक्के और चार चौके जड़े। गुलशन झा (नाबाद 24) ने उनका शानदार तरीके से साथ दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 73 रन की अटूट साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों ने वानखेड़े स्टेडियम का चक्कर लगाकर दर्शकों का अभिवादन किया।

माइकल जोन्स की 71 रन की तेजतर्रार पारी की बदौलत स्कॉटलैंड ने सात विकेट पर 170 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

  दोनों ही टीमें सुपर आठ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है और इस ग्रुप से वेस्टइंडीज तथा इंग्लैंड ने अगले चरण में जगह बनाई।

नेपाल और स्कॉटलैंड दोनों का अभियान चार-चार मैचों में एक-एक जीत के साथ खत्म हुआ।

लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने धीमी शुरुआत की लेकिन भुर्तेल ने दूसरे ओवर में छक्का लगाया जबकि आसिफ शेख (33) ने चौथे ओवर में छक्का लगाकर दबाव कम किया।

भुर्तेल ने पांचवें ओवर में मार्क वाट के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाकर 23 रन बटोरे लेकिन नेपाल की टीम इस लय को बनाये रखने में नाकाम रही।

माइकल लीस्क (30 रन पर तीन विकेट) ने जल्दी जल्दी तीन विकेट चटकाकर स्कॉटलैंड की वापसी की कोशिश की।

उन्होंने भुर्तेल और शेख के बाद कप्तान रोहित पौडेल (16) को भी चलता किया।

ऐरी ने क्रीज पर आते ही बड़े शॉट खेल कर टीम को खतरे से बाहर निकाल दिया।

इससे पहले जोन्स के अलावा स्कॉटलैंड के अन्य बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके, लेकिन सपाट पिच पर टीम ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

जोन्स ने 45 गेंद में आठ चौकों और तीन छक्कों की पारी के दौरान जॉर्ज मुन्सी के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर टीम की मजबूत नींव रखी।

दाएं हाथ के जोन्स ने नियमित अंतराल पर बाउंड्री बटोरे वहीं मुन्से 29 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन ही बना सके ।

मुन्सी पारी के 10वें ओवर में रोहित पौडेल की गेंद पर संदीप जोरा को कैच देकर आउट हुए।

नेपाल को 14वें ओवर की पहली गेंद पर एक और विकेट मिलने का मौका मिला, जब ब्रैंडन  मैकमुलेन ने नंदन यादव की गेंद पर ऊंचा शॉट खेला लेकिन जोरा ने आसान कैच टपका दिया।

जोन्स ने इसके बाद भी बड़े शॉट्स की झड़ी जारी रखी और 94 मीटर लंबा छक्का सीधे ड्रेसिंग रूम की बालकनी में जमा दिया, जहां उनके साथी खिलाड़ी टॉम ब्रूस ने गेंद थाम ली।

सोमपाल कामी ने 16वें ओवर में जोन्स को बोल्ड कर उनकी शानदार पारी पर विराम लगाई। उन्होंने इसी ओवर में मैकमुलेन (25) का एक हाथ से शानदार रिटर्न कैच भी लपका।

जोन्स के आउट होते ही स्कॉटलैंड की पारी की रफ्तार थम गई। कामी ने 25 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि यादव ने 34 रन देकर दो विकेट झटके। 

नेपाल पारी :

कुशल भुर्तेल का ब्रुस बो लीस्क 43

आसिफ शेख का व्हील बो लीस्क 33

रोहित पौडेल का जोन्स बो लीस्क 16

दीपेंद्र सिंह एरी नाबाद 50

गुलशन झा नाबाद 24

अतिरिक्त: 05

कुल योग: 19.2 ओवर में तीन विकेट पर 171 रन

विकेट पतन: 1-74, 2-87, 3-98

गेंदबाजी :

ब्रैंडन मैकमुलेन 1-0-5-0

ब्रैड क्यूरी 4-0-33-0

मार्क वाट 3-0-35-0

ब्रैड व्हील 3.2-0-34-0

ओलिवर डेविडसन 4-0-31-0

 माइकल लीस्क 4-0-30-3

(भाषा)


अन्य पोस्ट