ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 मई। आज दोपहर चित्रकोट जलप्रपात में एक महिला ने छलांग लगा ली। उसको छलांग लगाने से लोग मना भी कर रहे थे, लेकिन महिला ने नहीं माना, जिसके बाद कुछ लोगों ने उसके कूदने का वीडियो भी बनाते हुए सोशल मीडिया में डाल दिया। मौके पर चित्रकोट पुलिस पहुंच गई है। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। शाम पांच बजे समाचार लिखे जाने तक महिला का पता नहीं चल पाया है।
मामले के बारे में एसडीओपी पंकज ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर को एक महिला जलप्रपात के पास अकेले आई, देखते ही देखते वह धीरे-धीरे पानी के बीच पहुँच गई, इस दौरान यहां घूमने आये लोगों ने पहले तो उसे जाते देखा, लेकिन बाद में उसकी नीयत को देखने के बाद उसे मना करने लगे, वहीं कुछ लोग उसका वीडियो भी बनाने लगे। महिला को बार-बार आवाज देने के बाद भी उसने किसी की भी नहीं सुनी, और जलप्रपात में छलांग लगा दी। महिला के कूदने का वीडियो सोशल मीडिया में भी डाल दिया।
गोताखोरों की टीम दोपहर से महिला को खोजने में लगी हुई है, उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
ज्ञात हो कि चित्रकोट जलप्रपात बस्तर जिले में जगदलपुर के पश्चिम में इंद्रावती नदी पर स्थित एक प्राकृतिक झरना है। यह जगदलपुर से 38 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। चित्रकूट जलप्रपात को भारत का नियाग्रा फॉल्स कहा जाता है। यह जलप्रपात लगभग 100 फीट की ऊंचाई से गिरता है। इस जलप्रपात के अद्भुत नजारे के देखने के लिए हर मौसम में पर्यटक आते हैं।


