ताजा खबर
धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र के अमेठी की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 मई। आज दिनदहाड़े शहर से 8 किमी दूर कोलियारी स्थित अमेठी गांव में धमतरी के एक कारोबारी की हत्या हो गई। गांव के ही पति-पत्नी ने मिलकर जमीन विवाद में उसकी हत्या कर दी है। राजेंद्र को शहर के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया है, जबकि आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार कर लिए गए हंै।
पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार को सुबह 9.30 बजे हुई। अर्जुनी थाना क्षेत्र के अमेठी गांव में धमतरी के शांति कॉलोनी निवासी व्यापारी राजेंद्र उर्फ राजू पारख गया था। वह जमीन पर दरवाजा लगाने गया था। जमीन को लेकर अमेठी निवासी फिरंगी निर्मलकर व फुलेश्वरी निर्मलकर दोनों पहुंच गए। फिरंगी व राजेंद्र के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया है कि जमीन विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा है। सोमवार को दोबारा उसी जमीन को लेकर फिर विवाद हुआ। दोनों के बीच अपशब्द हुये। फिरंगी ने सब्बल से राजेंद्र के सिर पर जोरदार हमला किया। खून से लथपथ राजेंद्र जमीन पर गिरा तो उसकी पत्नी फुलेश्वरी ने भी गले पर वार किया। इसके बाद दोनों घर आ गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
खून से लथपथ व्यापारी राजेंद्र पारख को आसपास के लोगों ने तुरंत शहर के बठेना अस्पताल लाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर अर्जुनी पुलिस ने हत्या के मामले में फिरंगी और उसकी पत्नी फुलेश्वरी निर्मलकर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों का बयान लिया।
अर्जुनी टीआई गगन वाजपेई सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मृतक राजेंद्र पारख के शव का अस्पताल में पंचनामा किया। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंपा है।
समाज व व्यापारियों में शोक
मृतक राजेंद्र उर्फ राजू पारख शहर के बड़े व्यापारी व जैन समाज के कोषाध्यक्ष थे। घटना की खबर के बाद मृतक के घर के बाहर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। उनकी हत्या से जैन समाज सहित शहर के व्यापारियों में शोक है।


