ताजा खबर

धमतरी में 55 हाथियों का 2 दल, गले में नहीं बांधा रेडियो कॉलर, लोकेशन ढूंढने में परेशानी
02-May-2022 12:51 PM
धमतरी में 55 हाथियों का 2 दल, गले में नहीं बांधा रेडियो कॉलर, लोकेशन ढूंढने में परेशानी

सीतानदी-उदंती रेंज, केरेगांव रेंज व दुगली रेंज में विचरण कर रहा हाथियों का समूह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,  2 मई।
धमतरी जिले में 55 हाथियों के 2 दलों की मौजूदगी है। सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व व केरेगांव रेंज में 2 अलग-अलग दल में करीब 55 हाथी विचरण कर रहे हंै, लेकिन एक भी हाथी के गले पर रेडियो कॉलर नहीं लगा है। ऐसे में वन विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों को हाथियों के लोकेशन पता करने हर रोज जंगलों का खाक छानना पड़ रहा है।

नगरी ब्लॉक के जंगलों में इन दिनों हाथियों के कुछ दल विचरण कर रहे हैं, लेकिन यह दल कब कहां चला जाए, इसका पता लगाना वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। हाथियों के दल में शामिल एक भी हाथियों के गले पर रेडियो कॉलर नहीं लगा है, ऐसे में तकनीकी माध्यम से हाथियों के लोकेशन का पता नहीं चल पाता।
 ग्रामीणों व टीम द्वारा जानकारी मिलने के बाद ही पता चल पाता है, इसके लिए वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को भारी मशक्कत करना पड़ रहा है। हाथियों के मल-मूत्र, पैर के निशान के आधार पर ही लोकेशन ढूंढ रहे।  

अधिकारी-कर्मचारियों के जान पर खतरा
जंगलों के अंदर हाथियों के लोकेशन जानने जाते हैं, ऐसे में उनके जान पर भी खतरा बना रहता है। टीम के अधिकारी-कर्मचारी हाथियों के मल-मूत्र, पैर के निशान से ही लोकेशन पता करते हैं, लेकिन कई हाथी बिछडक़र इधर-उधर घूमते रहते हैं, जो लोगों के लिए जान का खतरा बना हुआ है। क्योंकि दोनों दल में करीब 8 से 10 शिशु हाथी भी शामिल हैं।

जबर्रा क्षेत्र में हाथी
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक मई को सिकासेर हाथी दल से बिछड़े एक हाथी कक्ष क्रमांक 354 से आगे बढक़र तुमबाहरा नगरी कच्ची रोड पारकर कक्ष क्रमांक 351, 348 होते हुए कक्ष क्रमांक 349 बड़े भर्री पहुंच गया है। एक हाथी तुमबाहरा, चारगांव, भैंसमुड़ा, मटियाबाहरा, जबर्रा, खरका, कल्लेमेटा व बिलभदर क्षेत्र में है। वहीं शाम तक यह हाथी नगरी जबर्रा पक्की रोड पार कर दुगली रेंज सीमा लाइन पर आगे बढ़ गया है। जबकि एक दंतैल हाथी उत्तर सिंगपुर क्षेत्र के गांवों में घूम रहे हैं। चंदा हाथी दल भी इधर-उधर घूम रहे हैं, लेकिन लोकेशन स्पष्ट नहीं है।


अन्य पोस्ट