ताजा खबर

क्रिप्टोकेरेंसी की कमाई से अमीर बनने के झांसे में डॉक्टर ने गंवाए 81 लाख
06-Apr-2022 10:59 AM
क्रिप्टोकेरेंसी की कमाई से अमीर बनने के झांसे में डॉक्टर ने गंवाए 81 लाख

हांगकांग की महिला ने दोस्त बन की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 अप्रैल। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर अमीर बनने का ख्वाब पाले शहर के एक डॉक्टर को एक विदेशी महिला ने झांसे में लेकर लाखों रुपए ऐंठ लिए। महिला के साथ सोशल मीडिया में सर्फिंग कर डॉक्टर की जान-पहचान बढ़ी। आपसी बातचीत में महिला ने चालाकी से डॉक्टर को क्रिप्टोकरेंसी  में निवेश करने की सलाह दी। सलाह में महिला ने तीन गुना फायदा होने का झांसा देकर डॉक्टर से 81 लाख रुपए ऐंठ लिए। अब इस मामले को लेकर शहर के डॉक्टर अभिषेक पॉल ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस को ठगी के शिकार हुए चिकित्सक ने बताया कि किस तरह महिला से उसकी पहचान हुई और वह लालच में आ गए।

पुलिस के मुताबिक बल्देवबाग के रहने वाले डॉ. अभिषेक पॉल की हांगकांग की महिला एना-ली के साथ पहचान हुई थी। सोशल नेटवर्किंग साइट पर दोनों की दोस्ती हो गई और आपसी चर्चाओं में कई तरह के पारिवारिक और अन्य मामलों पर बातचीत होती रही। इस संबंध का फायदा उठाकर महिला ने चालाकी से डॉक्टर को क्रिप्टोकरेंसी  में रकम निवेश करने की नसीहत दी। निवेश के फायदे में महिला ने डॉक्टर को झांसा देकर तीन गुना रकम होने की जानकारी दी। महिला की बात में आकर डॉक्टर ने कुल 35000  हजार अमरीकी डॉलर में निवेश किया। भारतीय मुद्रा में यह रकम 26 लाख रुपए है। कुछ दिनों बाद रकम  लगभग 81 लाख रुपए तक पहुंच गई। तीन गुना रकम होते ही महिला ने डॉक्टर से उसके एकाउंट का पासवर्ड और अन्य जानकारी मांगी और उसके बाद ऑनलाइन खाते से उक्त रकम को पार कर दिया। ऑनलाइन राशि निकाले जाने की खबर से डॉक्टर के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस में मामला पहुंचा। रकम निकालने के बाद भी महिला की डॉक्टर से बातचीत होती रही। डॉक्टर ने निवेश की रकम को जब वापस मांगा तो महिला ने कुल रकम का 5 फीसदी राशि जमा करने की बात की। पूरे मामले में महिला का शातिर दिमाग को डॉक्टर समझ नहीं पाए और उसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। डॉक्टर के निवेश की रकम को वापस दिलाने पुलिस विशेषज्ञों के माध्यम से मामले को समझ रही है।


अन्य पोस्ट