ताजा खबर
रायपुर, 13 जनवरी। राजधानी के डीडीनगर इलाके में बीते दिनों सड़क के किनारे एक बोलेरो वाहन संदिग्घ अवस्था में मिली थी। इसकी तलाशी में 80 किलो गांजा बरामद किया गया। डीडीनगर थाना पुलिस ने मामले में एक सप्ताह पर गांजा की तस्करी कर रहे ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गांजा लेकर राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। रायपुरा चौक के पास गाड़ी खराब हुई तो तस्कर मिस्त्री बुलाने के लिए टाटीबंध गए थे। वापसी आकर देखा कि गाड़ी के पास पुलिस खड़ी है तो दोनों डरकर वहां से भाग गए।
डीडीनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर को थाना डीडी नगर पुलिस ने सरोना ओवर ब्रिज रिंग रोड नंबर-1 पास सिल्वर कलर की बोलेरो (क्रमांक ओडी/26/8444) में अलग-अलग बोरियों में रखे 80 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी कीमती लगभग 8 लाख रूपए आंकी गई है।। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 537/21 धारा 20 बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया था। उसके बाद सायबर सेल एवं थाना डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी में पहले बोलेरो मालिक की पहचान हुई। बोलेरो नुआपाड़ा ओडिशा निवासी जलसाय डनसेना की। इसकी निशान देही डिगेश्वर डनसेना के साथ मिलकर गांजा की तस्करी करना एवं वाहन को लावारिस हालत में छोड़कर फरार होना स्वीकार किया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में संलिप्त आरोपी डिगेश्वर डनसेना को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग ओडिशा से उक्त बोलेरो वाहन में गांजा भरकर गांजा की तस्करी हेतु निकले थे। इसी दौरान रायपुर में अचानक बोलेरो खराब हो गई, जिसे बनवाने मिस्त्री की तलाश में टाटीबंध गए थे। वापस आकर देखा तो वाहन के पास पुलिस मौजूद थी एवं लोगों की भीड़ एकत्र हो गयी थी। इसके बाद दोनों फरार हो गये थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही किया गया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में जलसाय डनसेना पिता नान्हू राम डनसेना उम्र 36 साल निवासी महुवाभाठा वार्ड क्रमांक 13 जिला नुआपाड़ा और डिगेश्वर डनसेना पिता रामजी डनसेना उम्र 23 साल निवासी धरमबांधा इंदिरा आवास जिला नुआपाड़ा ओडिशा को गिरफ्तार किया है।


