कोण्डागांव

केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को केवल उपेक्षित किया है-लखमा
27-Jun-2021 9:35 PM
केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को केवल उपेक्षित किया है-लखमा

   प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद प्रथम नगर आगमन पर भव्य स्वागत   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 27 जून। छत्तीसगढ़ सरकार के माध्यम से प्रदेश के मंत्रियों का हाल ही में प्रभार बदला गया है। प्रभार बदले जाने के साथ बस्तर संभाग के स्थानीय विधायक व उद्योग व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को कोण्डागांव जिले का प्रभार मिला है। कोण्डागांव जिला के प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद 27 जून को कवासी लखमा पहली बार कोण्डागांव जिला पहुंचे। कोण्डागांव जिला पहुंचने के बाद उनका नगर के बस स्टैंड में भव्य स्वागत किया गया। जिसके बाद कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम, बस्तर सांसद दीपक बैज, बस्तर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष व केशकाल विधायक संतराम नेताम, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष व नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप मुख्य रूप से मौजूद रहे।

कोण्डागांव जिला के प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद कोण्डागांव नगर प्रथम आगमन पर कवासी लखमा का भव्य स्वागत सादगी पूर्ण माहौल में किया गया, जिसके बाद कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ गठन के बाद दूसरी बार कांग्रेस की सरकार बनी। पहली बार जब कांग्रेस की सरकार बनी, तब मंत्रालय व अन्य आवश्यक कार्यालय बनाने में सरकार ने समय निकाल दिया और अब 15 साल बाद सरकार कांग्रेस की दोबारा सरकार आई है, लेकिन दूसरी कार्यकाल में कांग्रेस सरकार को खुश करने का मौका नहीं मिल पाया है, पहले तो चुनाव और उसके बाद महामारी ने हाथ पैर बांधकर रख दिया है, ऐसी विषम परिस्थिति में दिल्ली की सरकार भी प्रदेश सरकार की मदद नहीं कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार अडानी-अंबानी की सरकार है, उनके कर्ज को सरकार माफ  कर रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ बस्तर जैसे पिछड़ा क्षेत्र को पूरी तरह से अनदेखा कर दिया गया है।

उद्योग व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने केंद्र की सरकार पर सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि केंद्र की सरकार ने छत्तीसगढ़ को केवल उपेक्षित किया है, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार अपने कार्यकर्ताओं के दम पर मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बस्तर संभाग के 12 विधायक कांग्रेस के खाते में दिये जाने पर कार्यकर्ताओं को बधाई दिया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार ने किसानों से 25 सौ रूपये में धान खरीदा, वह राशि किसानों के खाते में जमा किया जा रहा है, इसके अलावा किसानों का कर्ज माफ किया गया है। इसके अलावा मंत्री कवासी लखमा ने भूपेश सरकार के माध्यम से छत्तीसगढ़ में क्रियान्वयन योजनाओं के बारे में कार्यकर्ताओं को बताया।

मंत्री कवासी लखमा के अलावा, मुख्य वक्ता के रूप में विधान सभा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मोदी सरकार की कई योजनाओं की असफलताओं को गिनाया, इसी तरह उत्तर बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतराम नेताम व हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष व नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

जिला प्रवेश केशकाल में भव्य स्वागत

प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार कोण्डागांव जिला आगमन पर उनका केशकाल में भव्य स्वागत किया गया, लेकिन जिला मुख्यालय कोण्डागांव में स्वागत की भव्यता को कम किया गया, दरअसल 2 दिन पूर्व पारस गोस्वामी की मृत्यु हो गई, प्रमुख कांग्रेसी कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाने वाले पारस गोस्वामी के मृत्यु हो जाने, पर कोण्डागांव में बाइक रैली, आतिशबाजी इत्यादि कार्यक्रम रद्द किया गया, यहां केवल कार्यकताओं ने बस स्टैंड के पास उन्हें पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया व बस स्टैंड चौक से कांग्रेस भवन तक पैदल रैली निकाली गई।

 कार्यक्रम के दौरान जिला के दिग्गज नेता प्रदेश कांग्रेस महासचिव मनीष श्रीवास्तव, कोण्डागांव जिला प्रभारी यशवर्धन राव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष झुमुकलाल दीवान, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस सेवादल, युवा कांग्रेस, जिला पंचायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट