कोण्डागांव

कोण्डागांव, 4 जून। दक्षिण कोण्डागांव वनमंडल के नेतृत्व में अनुविभागीय दण्डाधिकारी राजस्व गौतम पाटिल द्वारा एक बैठक ली गई। नगरपालिका परिषद संयुक्त पहल से अभियान चलाकर जिले के लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने के लिए ‘पौधा रोपण तुंहर दुआर‘ अभियान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून से प्रारंभ किया जा रहा है।
इसके अंतर्गत दक्षिण कोण्डागांव वनमंडल द्वारा कोण्डागांव नगर में पौधों के रोपण हेतु पौधे प्रदान किये जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक आवेदक को दूरभाष के द्वारा पौधा प्राप्ति हेतु पंजीयन कराना होगा। पंजीयन उपरांत कुल 1 हजार पौधों का पहले आओ पहले पाओ शैली में वितरण किया जाएगा। इन पौधों के वितरण के साथ प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम पांच पौधे उपलब्ध कराये जाएंगे। इनके साथ पौधो के रक्षण हेतु ट्री-गार्ड भी विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति दूरभाष के माध्यम से वन मंडल के मोबाइल नं. 7587014628 पर सम्पर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। इस पर वन विभाग द्वारा आवेदक के मांग अनुरूप पौधों का रोपण कार्य कराया जाएगा। इस हेतु पंजीयन का कार्य 5 जून से 15 जून 2021 तक कार्यालयीन समय प्रात 11 बजे से 5 बजे तक किया जाना है।
पौधों के रोपण का कार्य जुलाई के प्रथम सप्ताह में प्रारंभ किया जाएगा। पौधों के रोपण के उपरांत पौधों की सुरक्षा, पानी, सिंचाई व रख-रखाव की जिम्मेदारी मकान अथवा संबंधित संस्थान के मालिक की होगी। इस संबंध में डीएफओ उत्तम गुप्ता ने बताया, कि इसके द्वारा नगरीय क्षेत्र में सौंदर्य व हरियाली के प्रसार का प्रयास किया जा रहा है। नगरीय क्षेत्रों में अवासीय दबाव बढऩे के साथ वृक्ष घनत्व कम होता जा रहा है। इस योजना द्वारा पौधारोपण के साथ उन्हें सुरक्षित रखने के लिए ट्री-गार्ड भी प्रदान किया जा रहा है, ताकि पौधों का रख-रखाव व पशुओं से बचाव भी किया जा सके।
बैठक में मुख्य रूप से जनपद सीईओ व अमित भाटिया, नायब तहसीलदार सुशील कुमार भोई कोण्डागांव दक्षिण वन मंडल रेंजर आरएस मरकाम, धीरद्रे मिश्रा, एसडीओ आरईएस सचिन मिश्रा उपस्थित थे