कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 मई। कोरोना प्रोटोकाल को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने कांग्रेस की टूलकिट साजिश के खिलाफ आंदोलन की योजना चरणबध्द तरीके से शुरु की है। टूलकिट मामले को लेकर बीजेपी आक्रामक हो गई है।
विगत दिन हुए धरना प्रदर्शन के अलावा भूपेश मुझे भी गिरफ्तार करो कैंपेन चलाने के उपरांत बीजेपी द्वारा शनिवार से प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में आज भाजपा जिला कोण्डागांव के पांच वरिष्ठ नेताओं जिनमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेंडी, जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन, ओम प्रकाश टावरी व जितेंद्र सुराना ने थाना के समक्ष धरना देते अपनी गिरफ्तारी दी।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में राजनीतिक विवाद का विषय बनी सोशल मीडिया टूलकिट मामले में रायपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और अन्य लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है जिसको लेकर भाजपा ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है।
गिरफ्तारी देते भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश में अपने चरित्र के मुताबिक अलोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाते हुए दमनकारी नीतियों का सहारा ले रही है, किंतु इससे भाजपा का कार्यकर्ता विचलित होने वाला नहीं है। वहीं जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा ने कहा कि भाजपा ने आपातकाल देखा है। कांग्रेस सरकार तब भी दमन की नीति अपनाती थी, आज भी अपना रही है, लेकिन कार्यकर्ता रुकने वाले नहीं हैं। हम देश विरोधी ताकतों के विरोध में खड़े रहेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया कि वह प्रधानमंत्री और देश का अपमान नहीं सहेंगे। जहां राष्ट्र की बात होगी, जहां स्वाभिमान की बात होगी तो भाजपा का कार्यकर्ता देश विरोधी ताकतों का विरोध करेगा।
गिरफ्तारी देने से पूर्व भाजपा कार्यालय अटल सदन में एकत्रित जसकेतु उसेंडी, जैनेंद्र सिंह ठाकुर, गोपाल दीक्षित, संतोष पात्र, रौनक दीवान, सोनामणि पोयाम, वर्षा यादव, प्रतोष त्रिपाठी, बंटी नाग, विक्की रवानी, विश्वजीत चक्रवर्ती नारेबाजी करते थाना परिसर के समक्ष मौजूद रहे।