कोण्डागांव

पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक
14-Nov-2026 9:38 PM
पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 नवंबर। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना इरागांव पुलिस द्वारा ग्राम बिंझे में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान बाजार में उपस्थित ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं एवं युवाओं को विभिन्न अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी गई।

ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड से बचाव की जानकारी देते हुए साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।  दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया।

भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।  महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण एवं साइबर बुलिंग से बचाव की जानकारी देते हुए किसी भी घटना की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीणों को बताया गया कि सहयोग चौपाल एवं चलित थाना का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को ग्रामीणों के निकट पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है।

ग्रामीणों से अपील की गई कि अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार, महिला-बाल अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को दें।

कोण्डागांव पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।


अन्य पोस्ट