कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 14 नवंबर। स्थानीय प्राथमिक शाला जोन्दरापदर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस बड़े ही उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की वेशभूषा धारण करना रहा। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा और तीर-कमान के साथ बिरसा मुंडा के जीवंत रूप को प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की। कार्यक्रम का संचालन स्वयं बच्चों ने किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक मधु तिवारी ने बच्चों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और देश की आजादी में उनके अमूल्य योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके आदर्शों पर चलने और अपनी संस्कृति पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के लिए विशेष न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसका सभी विद्यार्थियों ने आनंद लिया। इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षकगण एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे।