कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 11 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव प्रदर्शनी में शिक्षा विभाग का स्टॉल इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रदर्शनी में जनपद प्राथमिक शाला बुनागाँव के प्राथमिक स्तर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। कक्षा चौथी और पांचवीं के नन्हे बच्चों ने जल चक्र और मैजिक बॉक्स (गणितीय मॉडल) का ऐसा लाजवाब और बेबाक प्रस्तुतीकरण दिया कि मुख्य अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी भी दंग रह गए।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचीं मुख्य अतिथि व क्षेत्रीय विधायक लता उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बच्चों के आत्मविश्वास और वैज्ञानिक समझ की खुलकर सराहना की।
मार्गदर्शन और नन्हे सितारों की जुगलबंदी
जनपद प्राथमिक स्कूल के शिक्षक सूरज नेताम और शिक्षिका मोनिका साहू के कुशल मार्गदर्शन में कक्षा चार और पांच के नन्हे छात्र-छात्राओं— ख्याती नेताम, तमन्ना सोड़ी, रितेश सोरी और मोनालिका नाग ने अपने मॉडल का प्रदर्शन किया। बच्चों ने जिस बेबाकी से जटिल वैज्ञानिक और गणितीय सिद्धांतों को समझाया, उसने प्रबुद्ध जनों को बेहद प्रभावित किया।
लगातार चौथे वर्ष बुनागाँव का दबदबा
यह कोई पहला मौका नहीं है जब बुनागाँव के बच्चों ने जिला स्तर पर नाम रोशन किया है। यह विद्यालय पिछले 4 वर्षों से ब्लाक और जिला स्तरीय विभिन्न आयोजनों में लगातार सर्वोच्च स्थान प्राप्त करता आ रहा है। इससे पूर्व भी इस विद्यालय के होनहार छात्र सूबे के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के समक्ष अपने नवाचारी मॉडलों का शानदार प्रदर्शन कर प्रसंशा बटोर चुके हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल और विकास खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के निर्देशन में कोंडागांव जिले के स्कूलों में बाल वैज्ञानिक और नवाचारी शिक्षण गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग के स्टॉल में इस बार पीएमश्री विद्यालय मॉडल, अटल टिंकरिंग लैब, एआई रोबोट, मैजिक कार्ड,सेंसर डस्टबिन और एडजेस्टेबल बेड जैसे कई आधुनिक व उपयोगी मॉडल भी प्रदर्शित किए गए, जिसने जिले की बदलती शिक्षा व्यवस्था की सुंदर तस्वीर पेश की।