कोण्डागांव
सर्व समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 11 नवंबर। बस्तर संभाग को जगदलपुर तक यात्री रेल सुविधा से जोडऩे की वर्षों पुरानी मांग को लेकर सर्व समाज कोंडागांव ने एकजुट होकर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से रावघाट-जगदलपुर रेललाइन परियोजना का निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने तथा विशेष रूप से कोंडागांव से भी निर्माण कार्य शुरू करने के लिए रेलवे को तीन माह का अल्टीमेटम दिया गया। कहा कि कोंडागांव को केवल रेललाइन के नक्शे में शामिल करने के बजाय इसे निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जाए। कोंडागांव से नारायणपुर और कोंडागांव से जगदलपुर, दोनों दिशाओं में एक साथ निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए ताकि जल्द निर्माण पूरा हो और परियोजना में तेजी आए और निर्धारित समयसीमा में जगदलपुर तक रेललाइन पहुंच सके।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मई 2015 को दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेललाइन की घोषणा की थी। इसके लिए वर्ष 2022 तक का लक्ष्य भी सामने रखा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बस्तर की जनता को जगदलपुर तक यात्री रेल सुविधा नहीं मिल पाई है।
सर्व समाज ने कहा कि दल्लीराजहरा से रावघाट तक रेललाइन का विकास मुख्य रूप से लौह अयस्क परिवहन और भिलाई स्टील प्लांट की औद्योगिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। रावघाट तक मेमू ट्रेन का संचालन स्वागतयोग्य है, लेकिन इसे बस्तर में यात्री रेल सुविधा की शुरुआत बताकर प्रचारित करना उचित नहीं है। बस्तरवासियों को रावघाट तक सीमित रेल सुविधा नहीं, बल्कि जगदलपुर तक नियमित यात्री रेल चाहिए।
ज्ञापन में परियोजना के लिए 3,513.11 करोड़ की बजट स्वीकृति का उल्लेख करते हुए रेलवे से सवाल किया गया कि जब परियोजना के लिए बजट स्वीकृति की बात सामने आ चुकी है, तो निर्माण कार्य शुरू करने में विलंब क्यों हो रहा है? रेलवे से निविदा प्रक्रिया, निर्माण प्रारंभ करने की तारीख, चरणबद्ध कार्ययोजना और परियोजना पूर्ण करने की निश्चित समयसीमा सार्वजनिक करने की मांग की गई।
तीन माह में निर्माण शुरू नहीं हुआ तो जनआंदोलन
सर्व समाज कोंडागांव ने स्पष्ट किया कि ज्ञापन प्राप्ति की तारीख से तीन माह के भीतर कोंडागांव से दोनों दिशाओं में निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो कोंडागांव बंद का आह्वान किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार अभियान चलाने तथा बस्तर संभाग में व्यापक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।
सर्व समाज ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मांग की कि वर्ष 2015 में बस्तर की जनता से किए गए वादे को गंभीरता से लेते हुए रावघाट-जगदलपुर रेललाइन का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा कोंडागांव से भी दोनों दिशाओं में एक साथ कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएं।
सर्व समाज अध्यक्ष धंसराज टंडन के नेतृत्व में संरक्षक एमडी बघेल, शांतिलाल सुराना, आरके जैन, सचिव शीतल कोर्राम, जिला कोषाध्यक्ष आईसी निषाद, रामेश्वर बघेल, सर्व आदिवासी समाज जिला सचिव एवं सलाहकार आरएस सलाम, बस्तर राजपूत समाज के सचिन नेपाल सिंह ठाकुर, अंजुमन कमेटी अध्यक्ष सैयद सफीक, बस्तर संभाग मुस्लिम समाज उपाध्यक्ष मोहम्मद असलम मंसूरी, श्याम सिंह, भारत जैन, खिरेंद्र यादव प्रमुख तरुण नाग, चवन वर्मा, पीएल ठावरे, शंकरलाल विश्वकर्मा एवं रवि बिशोई सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सर्व समाज का कहना है कि बस्तर केवल लौह अयस्क और खनिज संसाधन उपलब्ध कराने वाला क्षेत्र नहीं है। यहां के नागरिकों को भी देश के अन्य हिस्सों की तरह शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और यात्री परिवहन की समान सुविधाएं मिलनी चाहिए। जगदलपुर तक रेललाइन पहुंचने से पूरे बस्तर संभाग के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। हमारी मांग स्पष्ट है-रावघाट तक रेल पहुंच गई, अब कोंडागांव से भी निर्माण शुरू कर जगदलपुर तक रेललाइन पहुंचाई जाए। बस्तर को प्रचार की रेल नहीं, धरातल पर यात्री रेल चाहिए!