कोण्डागांव

लंगूर की पूंछ में आग की रोशनी से शुरू हुई परंपरा, 200 साल बाद भी निभाई जा रही अनूठी रस्
10-Nov-2026 9:56 PM
लंगूर की पूंछ में आग की रोशनी से शुरू हुई परंपरा, 200 साल बाद भी निभाई जा रही अनूठी रस्

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 10 नवंबर। स्थानीय बाजार परिसर में गौरा-गौरी पूजन की करीब 200 साल पुरानी एक ऐसी परंपरा आज भी जीवंत है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं। यहां लंगूर की पूंछ में आग लगाकर उसकी रोशनी में गौरा-गौरी की प्रतिमाओं को पूजा स्थल तक लाने की रस्म निभाई जाती है।

दरअसल, पुराने समय में जब बिजली और रोशनी के साधन उपलब्ध नहीं थे, तब पूर्वजों ने अंधेरे में प्रतिमाओं को लाने के लिए यह अनूठी परंपरा शुरू की थी। गोंड ध्रुव समाज के जिलाध्यक्ष मदन ध्रुव बताते हैं कि, लंगूर को माता का लंगोरवा माना जाता है। उसकी पूंछ में आग लगने से निकलने वाली रोशनी में प्रतिमाओं को निर्माण स्थल से पूजा स्थल तक लाकर विराजमान कराया जाता था। समय के साथ बिजली और आधुनिक रोशनी के साधन जरूर आ गए, लेकिन पूर्वजों की शुरू की गई यह परंपरा आज भी उसी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।

छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और आस्था से जुड़े शिव-पार्वती विवाह के प्रतीक गौरा-गौरी पूजन का आयोजन कोण्डागांव के बाजार परिसर में आदिवासी ध्रुव गोंड समाज के माध्यम से पिछले करीब 200 वर्षों से किया जा रहा है। इस वर्ष भी किशोर टॉकीज के समीप हिंगलाजिन माता मंदिर के पास तीन दिवसीय पर्व धूमधाम और विधि-विधान से मनाया गया। इसकी शुरुआत दीपावली से एक दिन पहले चूल माटी की रस्म से होती है। इसके लिए कोण्डागांव के प्रेमनगर से विशेष रूप से मिट्टी लाई जाती है, जिसे चूल माटी कहा जाता है। इसी मिट्टी से गौरा और गौरी की प्रतिमाओं का निर्माण कर उन्हें पूजा स्थल पर स्थापित किया जाता है।

दीपावली की पूरी रात जागरण के साथ गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना, माता का श्रृंगार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शिव-पार्वती विवाह का प्रतीकात्मक आयोजन किया जाता है। इस दौरान लोकपरंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विभिन्न रस्में निभाई जाती हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में समाज के लोगों के साथ मोहल्ले और आसपास के लोग भी उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। पर्व के अंतिम दिन गौरा-गौरी की प्रतिमाओं का ससम्मान राम मंदिर तालाब में विसर्जन किया जाता है।

गोंड ध्रुव समाज के जिलाध्यक्ष मदन ध्रुव ने बताया कि, इस वर्ष आयोजन में मोहल्ले के लोगों ने भी पूरे उत्साह और मन से समाज के साथ मिलकर सहयोग किया। इससे सामाजिक एकजुटता और भाईचारे को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि गौरा-गौरी पूजन केवल आदिवासी ध्रुव गोंड समाज का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे कोण्डागांव के लोगों की आस्था और सहभागिता से जुड़ा पर्व है। यह परंपरा समाज में एकता, आपसी प्रेम और सामूहिक सहयोग का संदेश देती है। करीब दो शताब्दियों से पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही यह लोकपरंपरा आज भी कोण्डागांव की सांस्कृतिक पहचान को सहेजे हुए है।


अन्य पोस्ट